Kanpur: आईपीएल में ऑनलाइन सट्टा खिलवाने वाले 10 सटोरिये गिरफ्तार, बिठूर में किराए के मकान में चल रहा था खेल

0
291
बिठूर में आईपीएल में सट्टा लगाने वालों को गिरफ्तार कर रूपये बरामद किया।

कानपुर के बिठूर में आईपीएल में ऑनलाइन सट्टा खिलवाने वाले 10 सटोरियों को डीसीपी पश्चिम की सर्विलांस टीम और बिठूर पुलिस की संयुक्त टीम ने नारामऊ से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए शातिर लोटस, ओलाबेट और ट्रिपल एक्स एप डाउनलोड कराकर सट्टा खिलवा रहे थे। शातिरों के पास से 16 लाख 61 हजार 500 रुपये नकद, 13 एंड्रायड मोबाइल, 11 कीपैड मोबाइल, लैपटॉप, कैलकुलेटर, चार चेकबुक, छह पासबुक, वीजा प्लेटिनम कार्ड, पासपोर्ट, पांच नोटबुक, व रजिस्ट्री पेपर पुलिस ने बरामद किए हैं।

डीसीपी पश्चिम आरती सिंह ने बताया है कि गिरफ्तार कि गए सटोरियों में शिवपुरी निवासी चूड़ी कारोबारी रजी खान, आवास विकास निवासी मजदूर इरशाद अहमद, मसवानपुर चूड़ी वाली गली निवासी कबाड़ी मोहम्मद इरफान, रोशन नगर निवासी कबाड़ी इरफान खान उर्फ बबलू, नफीश खान, मंधना के नारामऊ निवासी चूड़ी कारोबारी जनाब अली, तैय्यब अहमद, बांगर निवासी चिप्स सेल्समैन गौरव द्विवेदी, काकादेव निवासी प्रापर्टी डीलर मोहम्मद रहीम उर्फ अयाज, मोहम्मद इमरान हैं। उन्होंने बताया कि काकादेव निवासी मोहम्मद इमरान मुख्य आरोपी है। जो अपने साथी मोहम्मद रहीम उर्फ अयाज के साथ प्रापर्टी डीलिंग करने के साथ ही सट्टा भी खिलवाता है। उसके पिता मोहम्मद अनवर का ढक्कन का कारोबार है। मोहम्मद इमरान पहले फोन पर सट्टा खिलवाता था। अब ऑनलाइन खिलवाने लगा था। पुलिस ने पकड़े गए सटोरियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

दबिश के समय सट्टा लगाते पकड़े गये
डीसीपी के अनुसार पुलिस ने जिस समय दबिश दी उस वक्त सटोरिए कोलकाता नाइट राइडर्स व हैदराबाद पर सट्टा लगवा रहे थे। मुख्य आरोपी इमरान ने पांच माह पहले नारामऊ निवासी अमन तिवारी उर्फ मोनू से पांच हजार रुपये प्रतिमाह किराए पर कमरा ले रखा था। मुख्य आरोपी पकड़े गए सटोरियों को तीन से पांच प्रतिशत कमीशन पर रखा हुआ था। ऑनलाइन सट्टा खिलवाने के लिए इमरान के साथी एक ग्रुप में जुड़वाते थे। इसके बाद उनसे रुपये लेकर सट्टा खेलने के लिए क्वाइन दिए जाते थे।

एसीपी कल्याणपुर अभिषेक पांडेय के अनुसार स्कोर, बॉल, रन और रन आउट व विकेट पर सटोरिए ऑनलाइन सट्टा लगाने के लिए पहले एप डाउनलोड करते थे। जिससे एप ब्लिंक करने लगता है। इसके बाद उसमें रुपये जमा करने के बाद क्वाइन देते हैं। सट्टा खेलने वाले के जब तक क्वाइन रहते हैं, तब तक वह रुपये लगा सकता है। क्वाइन समाप्त होते ही दोबारा रुपये लेकर क्वाइन देते थे। स्टोरिए स्कोर, बॉल, रन और रन आउट व विकेट पर भी अलग-अलग सट्टा खिलवाते थे।

कानपुर के अलग-अलग क्षेत्र में सटोरी एक्टिव
कानपुर के अलग-अलग क्षेत्रों में सटोरी एक्टिव हैं। गोविंद नगर, किदवई नगर, बर्रा, जूही आदि क्षेत्रों में कुछ पुराने बुकी भी एक्टिव हैं। जो मैच में सट्टा खिलवा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कुछ आरोपी तो पहले जेल भी जा चुके हैं। पुलिस इन सभी पर नजर रखे हुये है।

डीसीपी पश्चिम आरती सिंह ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा खेलाने वाले सटोरियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से लैपटॉप और मोबाइल बरामद हुए हैं। मोबाइल की सीडीआर के आधार पर पुलिस इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। एक लेजर भी पुलिस को मिला है, जिसे टीम जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here