न्यूज़लिंक हिंदी। भगवान राम की नगरी अयोध्या (Ayodhya) ने नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। रामनगरी ने अनवरत सातवीं बार अपना ही कीर्तिमान तोड़ दिया।अयोध्या में दीपोत्सव और आतिशबाजी से धरती और आकाश दोनों जगमगाने लगे। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या पहुंचे। ऐतिहासिक दीपोत्सव का हिस्सा बने। ये भव्य तस्वीरें श्रीराम की नगरी अयोध्या की हैं। यहां दीपोत्सव का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। 22.23 लाख दीयों ने पूरी अयोध्या नगरी को जगमगा दिया है। दीपोत्सव के मौके पर दीयों के प्रकाशमान होते ही राम की पैड़ी जगमग हो उठी। इस दृष्य को आंखों में कैद कर लेने जैसा था।

वर्ष 2022 में 15.76 लाख दीपों का प्रज्जवलन कर बना विश्व रिकॉर्ड इस बार 6.47 लाख अधिक संख्या के साथ टूटा। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से एग्जीक्यूटर स्वप्निल दंगारीकर व कन्सलटेंट निश्चल बरोट ने मंच से नए कीर्तिमान की घोषणा करने के साथ इसका प्रमाणपत्र राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपा। इस दौरान राम की पैड़ी पर 10,000 से अधिक लोगों की मौजूदगी में जयश्रीराम के उदघोष से गूंज उठी।
अयोध्या में 7 साल पहले शुरू हुआ है यह दीपोत्सव कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम सब काफी भाग्यशाली हैं कि इस दीपोत्सव कार्यक्रम के हम साक्षी बने हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस कार्यक्रम को 100 देशों में लाइव देखा जा रहा है। आज से ठीक 7 साल पहले अयोध्या दीपोत्सव कार्यक्रम का जब हमने शुभारंभ किया था। तब असमंजस की स्थिति थी। लेकिन पूज्य संतों के सहयोग और जनप्रतिनिथियों के सहयोग से यह कार्यक्रम देश और दुनिया का यूनिक इवेंट बन रहा है।
श्री अयोध्या धाम में मा. राज्यपाल श्रीमती @anandibenpatel जी की गरिमामयी उपस्थिति में 'भव्य-दिव्य दीपोत्सव-2023' के पावन अवसर पर श्री राम दरबार के साथ राम कथा पार्क में…
https://t.co/eGfBAZzQJB— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 11, 2023
मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने दी दीपावली की बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रकाश पर्व दीपावली की प्रदेशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से सभी की सुख-समृद्धि व मंगलमय जीवन की कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या आगमन और रामराज के शुभारंभ की स्मृति स्वरूप हजारों साल पहले पूरे भारत खंड में श्रद्धालुओं ने दीपमालाओं से अपने-अपने घरों को सजा कर इस पर्व को मनाना शुरू किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अयोध्या में दीपावली के आयोजन की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा को ‘दीपोत्सव‘ आयोजन के माध्यम से अयोध्या की महिमा से परिचित कराने का कार्य कर रही है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि दीपावली खुद के अंदर के अंधकार को मिटाकर पूरे संसार को प्रकाशमय बनाने का त्योहार है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने भी प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाओं के साथ लोकमंगल की कामना की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी प्रदेशवासियों को दीपावली व भईया दूज की शुभकामना दी है। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी दीपावली की देशवासियों को बधाई दी है।

