न्यूज़लिंक हिंदी। संसद के शीतकालीन सत्र के 11वें दिन सोमवार 18 दिसंबर को लोकसभा और राज्यसभा से विपक्ष के कुल 78 सांसदों को निलंबित किया गया, ये सभी सांसद 13 दिसंबर को हुए संसद की सुरक्षा में सेंधमारी के मामले को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान की मांग करते हुए हंगामा कर रहे थे।
दोपहर में लोकसभा में विपक्ष के कुल 33 सांसद बचे सत्र के लिए निलंबित किए गए, अब शाम को राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने विपक्ष के 45 सांसदों को निलंबित कर दिया।
इससे पहले 14 दिसंबर को लोकसभा से 13 सांसद निलंबित किए गए थे. राज्यसभा से टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ ब्रायन को सस्पेंड किया गया था, शीतकालीन सत्र से अब तक कुल मिलाकर 92 सांसदों को सस्पेंड किया जा चुका है, लोकसभा में अब तक कुल 46 सांसद सस्पेंड हुए हैं। राज्यसभा में भी कुल 46 सांसद सस्पेंड हुए हैं।
संसद में सुरक्षा चूक के मसले पर लोकसभा में लगातार चौथे दिन हंगामा हुआ,लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने 33 सांसदों को सस्पेंड कर दिया। इनमें नेता अधीर रंजन चौधरी समेत कांग्रेस के 11 सांसद, तृणमूल कांग्रेस के 9, डीएमके के 9 और 4 अन्य दलों के सांसद शामिल हैं। सांसदों के निलंबन के बाद लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित हो गई।

