न्यूज़लिंक हिंदी, कानपुर देहात। कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के सुबह तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गयी। हृदयपुर पामा के पास हुए हादसे में भाई-बहन समेत चार लोगों की मौत हो गई, वहीं पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी एक समारोह में शामिल होने के लिए बिधूना औरैया से गजनेर भैथाना गांव आ रहे थे। बताया जा रहा है कि चालाक को नींद की झपकी आने से यह बड़ा हादसा हो गया।

घटना की जैसे ही जानकारी मिली एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां से सभी को कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ें: Dev Uthani Ekadashi 2023: आज देवउठनी एकादशी पर करें ये खास उपाय, जानें तुलसी विवाह का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि
गजनेर के भैथाना निवासी राजपाल सिंह के बेटे जय सिंह की 28 नवंबर को शादी थी। बुधवार शाम जय सिंह किराए की गाड़ी लेकर बड़ी बहन प्रिया सेंगर पत्नी प्रीतम व अन्य रिश्तेदारों को लेने औरैया जिले के बंथरा बिधूना गया था। रात डेढ़ बजे के करीब वापस लौटते समय गजनेर थाना क्षेत्र के हृदयपुर पामा के पास कार बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई।
घायलों को कानपुर रेफर किया
हादसे में कार सवार जयसिंह (25) पुत्र राजपाल निवासी भैथाना, बहन प्रिया सेंगर (40) पत्नी प्रीतम सिंह निवासी बंथरा बिधूना, पारिवारिक दादी रैननो देवी (70), प्रिया (14) पुत्री रामप्रकाश बंथरा बिधूना की मौत हो गई। जबकि चालक प्रदीप कुमार (35) निवासी भगीरथपुर गजनेर, पारुल उर्फ प्रज्ञा (14), पलक उर्फ प्रतीक्षा (16), कन्हैया (10), अंश (8) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है।
”एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि थाना गजनेर क्षेत्रान्तर्गत हृदयपुर गांव के पास एक अर्टिगा गाड़ी के पेड़ से टकराने के कारण 04 लोगों की मृत्यु हो जाने व 05 लोगों के घायल अवस्था में होने की सूचना प्राप्त हुयी थी। प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना स्वयं ड्राइवर के द्वारा बताया गया है, जिससे गाड़ी सीधे पेड़ से जाकर टकरा गई।”

