न्यूज़लिंक हिंदी। इंडियन प्रीमियर लीग का खुमार एक बार फिर से चढ़ने वाला है। आईपीएल 2024 की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सभी टीमों ने कमर कस ली है। इस सीजन के लिए मिनी ऑक्शन का भी आयोजन होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आईपीएल 2024 के ऑक्शन की तारीख और जगह का ऐलान कर दिया है। यह पहली बार होगा जब आईपीएल ऑक्शन का आयोजन अपने देश में नहीं होगा। यह दुबई में 19 दिसंबर को आयोजित होगा।
दरअसल आईपीएल ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है। इसमें करीब 5 सेकेंड का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में आईपीएल ऑक्शन की तारीख और जगह के बारे में बताया गया है। आईपीएल ऑक्शन का आयोजन 19 दिसंबर को दुबई में होगा। इसमें लीग की सभी 10 टीमें हिस्सा लेंगी। आईपीएल ऑक्शन में एक हजार से ज्यादा खिलाड़ियों पर दांव लगाया जाएगा। इनमें 800 से ज्यादा भारतीय खिलाड़ियों को जगह दी गई है।
𝗜𝗣𝗟 𝟮𝟬𝟮𝟰 𝗔𝘂𝗰𝘁𝗶𝗼𝗻 🔨
🗓️ 19th December
📍 𝗗𝗨𝗕𝗔𝗜 🤩
ARE. YOU. READY ❓ #IPLAuction | #IPL pic.twitter.com/TmmqDNObKR
— IndianPremierLeague (@IPL) December 3, 2023
कई महत्वपूर्ण और बड़े खिलाड़ी नीलामी में
ऑस्ट्रेलिया की वनडे विश्व कप विजेता टीम के सात खिलाड़ी पैट कमिंस, ट्रेविस हेड, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, स्टीव स्मिथ, जोश इंगलिस और शॉन एबॉट उन 25 खिलाड़ियों में शामिल हैं जो 2024 आईपीएल खिलाड़ियों की नीलामी में हिस्सा लेंगे। विश्व कप में 106 के स्ट्राइक रेट से 578 रन बनाने और पांच विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र ने अपना बेस प्राइस 50 लाख रुपये रखा है।
10 फ्रेंचाइजी के पास 77 स्लॉट
10 फ्रेंचाइजियों को कुल 77 स्थान भरने हैं, जिनमें से 30 विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं। हाल ही में हुए विश्व कप में बेहतरीन फॉर्म में दिखे स्टार्क, हेड और रविंद्र पर फ्रेंचाइजी बड़ी बोली लगा सकती हैं। अगर स्टार्क को खरीदा जाता है तो वह आठ साल बाद आईपीएल में वापसी करेंगे, उन्होंने आखिरी बार आरसीबी के लिए 2015 सत्र खेला था। उन्होंने 2018 की नीलामी में प्रवेश किया, जहां उन्हें केकेआर द्वारा 9.4 करोड़ रुपये में खरीदा गया था, लेकिन चोट के कारण सीजन से बाहर हो गए। स्टार्क हालांकि इस बार आईपीएल का इस्तेमाल जून में होने वाले 2024 टी20 विश्व कप की तैयारी के रूप में देख रहे हैं।
आईपीएल फ्रेंचाइजी को 1166 खिलाड़ियों की लिस्ट सौंपी
शुक्रवार को आईपीएल ने सभी फ्रेंचाइजी के साथ 1166 खिलाड़ियों की लंबी सूची साझा की, जिन्होंने नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। हालांकि, अंतिम पूल काफी छोटा होगा जब टीमें उन खिलाड़ियों के नाम आईपीएल को सौंप देंगी जिनमें वे दिलचस्पी रखती हैं। इस लंबी सूची में एसोसिएट देशों के 45 खिलाड़ी, 909 अनकैप्ड (दुनिया से) और 18 कैप्ड (भारतीय) खिलाड़ी हैं। 909 अनकैप्ड में 812 भारतीय खिलाड़ी हैं।

