न्यूज़लिंक हिंदी। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में पोस्टमार्टम के बाद महिला के शव की आंखें निकालने का मामला सामने आया है। परिजनों के आरोप पर जिलाधिकारी ने मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कहा है कि पुन: पोस्टमार्टम कराकर रिपोर्ट सौंपी जाए, परिजनों ने पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक या कर्मचारी पर आंखे निकाल लेने और लापरवाही का आरोप लगाया है।
परिजनों का आरोप पोस्टमार्टम के दौरान निकाल ली आंखें
पूजा की कथित तौर पर दहेज के लिए हत्या कर दी गई और उसका शव रविवार को जिले के मुजरिया इलाके के रसूला गांव में लटका हुआ मिला था। सोमवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए जब भेजा गया। जब शव परिजनों को सौंपा गया तो उसकी आंखें नहीं थीं। परिजनों का आरोप है कि पोस्टमार्टम के दौरान आंखें निकाल ली गईं।
जिलाधिकारी ने कहा शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा
परिजन जिलाधिकारी मनोज कुमार के पास पहुंचे और चिकित्सक तथा कर्मचारियों पर अंग तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। कुमार ने कहा, मृतका के परिजनों ने मुझसे मुलाकात की और कार्रवाई के लिए शिकायत दी है। शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा और अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।

