न्यूज़लिंक हिंदी। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे प्रतिष्ठित अस्पताल एजीपीजीआई में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पीजीआई के ओटी (ऑपरेशन थिएटर) में आग लगने की घटना सामने आ गई। इस आग की घटना में एक महिला मरीज और बच्चे की मौत हो गई है। जिस समय आग लगी, उस समय दोनों की सर्जरी चल रही थी। इसके साथ ही कई लोगों के झुलसने और मरीजों की हालत गंभीर होने की जानकारी मिल रही है। मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौजूद हैं। आग बुझाने की कोशिश की जा रही है। मामले में उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
ये भी पढ़े : अधीर रंजन चौधरी समेत लोकसभा में 33 सांसद निलंबित, 13 पहले ही हो चुके हैं सस्पेंड,स्पीकर ने लिया फैसला
योगी ने लिया घटना का संज्ञान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीजीआई में लगी आग की घटना का संज्ञान लिया है। योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाने और उचित उपचार देने का निर्देश दिया है। साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी- डिप्टी सीएम
पीजीआई में लगी आग की घटना का संज्ञान लेते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि पीजीआई की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। आग किन वजहों से लगी है, उन सभी बिंदुओं पर बिंदुवार जांच की जाएगी। डिप्टी सीएम ने बताया कि प्रमुख सचिव को तत्काल मौके पर जाने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस घटना में जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस घटना में एक मरीज की दुखद मौत हुई है। सरकार पूरी तरीके से पीड़ित परिवार के साथ है। हर स्थिति में पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा। पीजीआई की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, आग दोपहर 12:30 बजे के करीब पीजीआई के फर्स्ट फ्लोर पर स्थित ऑपरेशन थिएटर में लग गई थी। सभी मरीजों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। फिलहाल पीजीआई के फर्स्ट फ्लोर पर स्थित इंडो ओटी में लगी आग पर काबू पा लिया गया है, जो लोग अस्पताल के अंदर फंसे थे, उन सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है।

