Deoria News : देवरिया में झाड़ फूंक के बहाने चर्च में धर्मांतरण को लेकर हिंदूवादी नेताओं ने जमकर किया हंगामा

0
222

न्यूज़लिंक हिंदी। देवरिया में झाड़ फूंक के बहाने चर्च में धर्मांतरण की मिली सूचना पर पहुंचे हिंदूवादी नेताओं ने रविवार को जमकर हंगामा किया। इससे प्रार्थना सभा में अफरा-तफरी मच गई और लोग आनन फानन में भागने लगे।

मामला बढ़ता देख पास्टर अपने कमरे में चले गए और किसी से मिले भी नहीं। चर्च पहुंची पुलिस ने हंगामा करने वाले लोगों को शांत कराने के बाद मसीही समाज के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने गांव से आने वाले लोगों का नाम, पता मांगा है। धर्मांतरण का मामला सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

शहर के कोतवाली रोड स्थित मसीही कलिसिया चर्च में झाड़ फूंक की आड़ में धर्मांतरण को लेकर हिंदूवादी नेताओं ने हंगामा खड़ा कर दिया। चर्च में अचानक पहुंचकर युवक वीडियो बनाने लगे, यह देख महिला और पुरुष इधर उधर भागने लगे और पास्टर अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिए। सूचना पर कोतवाल और दरोगा सिपाहियों के साथ पहुंचे।

हंगामा करने वाले हिंदूवादी नेताओं को शांत कराने के बाद कोतवाल मसीही समाज के लोगों से गांव से आई महिलाओं के बारे में पूछताछ की। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि चर्च में धर्मांतरण की सूचना पर पुलिस गई थी। पास्टर से मुलाकात नहीं हुई। मसीही समाज की महिलाओं से बात हुई। क्रिसमस पर प्रार्थना सभा और भोजन का आयोजन किया गया था।

पास्टर रुद्र ने बताया कि पिछले कई वर्षों से हर रविवार को प्रार्थना सभा का आयोजन होता चला आ रहा है। इसमें मसीही समाज के लोग और विश्वासी लोग भी शामिल होते हैं। रविवार को भी चर्च में प्रार्थना सभा चल रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने जबरन परिसर में आकर हंगामा खड़ा किया। धर्मांतरण का आरोप सरासर गलत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here