Kanpur Murder : रावतपुर में छोटे भाई ने बड़े भाई की चाकू से गोदकर की हत्या

0
218

न्यूज़लिंक हिंदी। कानपुर में रावतपुर थाना क्षेत्र के मसवानपुर में सोमवार रात एक भाई ने 12 लाख के जेवरों के लिए कर दिया रिश्तों का कत्ल, 20 दिन पहले बीमारी से चल बसी मां के जेवरों के बंटवारे को लेकर छोटे बेटे ने बड़े की चाकू से गोद गोद कर हत्या कर दी।

छोटा बेटा सारे जेवर चाहता था लेकिन परिवार देने को राजी नहीं था। सोमवार शाम मौका पाकर उसने अलमारी से जेवर निकाले और बैग में भरकर भागने लगा। इस दौरान पहले भाभी और पिता से धक्कामुक्की हुई। जब बड़े भाई ने रास्ता रोका तो चाकू से वार कर मार डाला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मसवानपुर के मथुरानर स्थित जयहिंद स्कूल के करीब रहने वाले सुरेश वर्मा फील्ड गन फैक्ट्री के सामने पंचर की दुकान चलाते थे।

उनका बड़ा बेटा केतन वर्मा लाटूश रोड स्थित एक्सिस बैंक में गार्ड था, जबकि छोटा बेटा चेतन वर्मा फील्ड गन फैक्टरी में संविदाकर्मी है। सुरेश ने बताया कि छह दिसंबर को उनकी पत्नी मीना देवी की बीमारी के चलते मौत हो गई। मरने से पहले मीना ने उनकी जानकारी में बड़े बेटे केतन की पत्नी निशा वर्मा को अपने करीब 12 लाख के जेवर सौंप दिए थे। चेतन शराब पीने का लती था और शुरू से ही मां के जेवरों पर नजर थी।

मां की तेरहवीं के दिन से ही उसने जेवरों को लेकर घर में विवाद शुरू कर दिया था। रोजाना का विवाद सोमवार उस समय बढ़ गया जब हत्यारोपी चेतन ने केतन की पत्नी निशा से जेवर मांगे। जेवर न देने पर शाम करीब सात बजे मौका पाकर उसने अलमारी से जेवर निकाले और बैग में भरकर भागने लगा। इस दौरान पिता सुरेश व निशा से बदसलूकी शुरू कर दी। इस बीच केतन ने चेतन को डांट कर रोक दिया, तो वह आग बबूला हो गया।

पहले केतन को धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उसका सिर घर में लगे सबमर्सिबल के पाइप से टकरा गया। इसके बाद चेतन किचन से चाकू ले आया और केतन के सीने में उतार दिया। केतन को निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां से उसे हैलट रेफर कर दिया गया।

सिर पर लगी चोट और चाकू के वार से केतन की मौत हो गई। हमला करने के बाद चेतन मौके से फरार हो गया। एडीसीपी ने बताया कि आरोपी को कल्याणपुर के केशवरपुरम के पास से दबोच लिया गया है। अब आगे की कार्यवाही की जाएगी।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here