न्यूज़लिंक हिंदी। कमाल आर खान उर्फ केआरके अक्सर अपने बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। अभिनेता, निर्माता और कथित क्रिटिक आए दिन एक्स हैंडल से किसी न किसी फिल्म और अभिनेता पर निशाना साधते हुए दिखते हैं।
फिलहाल उन्हें लेकर एक हैरान करने वाली जानकारी सामने आ रही है। केआरके को मुंबई में अरेस्ट कर लिया गया है। इसकी जानकारी खुद उन्होंने एक्स पर पोस्ट साझा करके दी है। साझा किए गए पोस्ट में केआरके ने कहा है कि उन्हें 2016 संबंधित एक मामले में मुंबई में गिरफ्तार कर लिया गया है।
केआरके ने ये भी कहा कि अगर उनकी जान चली जाती है तो वह एक मर्डर होगा। इसके अलावा पोस्ट में सलमान खान और उनकी फिल्म ‘टाइगर 3’ को लेकर भी जिक्र किया है। केआरके ने लिखा है, मैं पिछले एक साल से मुंबई में हूं। मैं नियमित रूप से अपनी कोर्ट की तारीखों पर जा रहा हूं।
केआरके ने आगे लिखा, आज मैं न्यू ईयर के लिए दुबई जा रहा था। लेकिन, मुंबई पुलिस ने मुझे एयरपोर्ट पर अरेस्ट कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मैं 2016 के एक केस में वॉन्टेड हूं।
सलमान खान का कहना है कि उनकी फिल्म ‘टाइगर 3’ मेरी वजह से फ्लॉप हो गई है। अगर किसी परिस्थिति में पुलिस स्टेशन और जेल में मेरी मौत हो जाती है तो आप सबको मालूम होना चाहिए कि ये एक मर्डर है। और आप सभी को ये मालूम होना चाहिए कि इसका जिम्मेदार कौन है।

