न्यूज़लिंक हिंदी, काशी। महादेव की नगरी काशी शिवभक्तों से गुलजार है। बाबा के दरबार में आने वाले भक्तों का सिलसिला लगातार जारी है। बता दे कि 48 घंटे में सात लाख 35 हजार श्रद्धालुओं ने श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर मंदिर में हाजिरी लगाई। श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला पिछले चार दिनों से अनवरत जारी है।
बीते सोमवार को बाबा दरबार से गंगा के घाट तक श्रद्धालुओं का रेला ही नजर आ रहा था। गंगा स्नान करके श्रद्धालु बाबा दरबार में दर्शन के लिए कतारबद्ध हो रहे थे। मंगला आरती के बाद जैसे ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुले तो पूरा धाम हर-हर महादेव के जयकारे से गूंज उठा।
बता दे कि शयन आरती तक 3.5 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा दरबार में हाजिरी लगाई। मंगला आरती के बाद से शुरू हुआ दर्शन पूजन का सिलसिला लगातार चलता रहा। रविवार को तीन लाख 85 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया। शनिवार को भी श्रद्धालुओं का आंकड़ा करीब तीन लाख के ऊपर था।
ये भी पढ़ें : political: हिन्दू धर्म पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने विवादित बयान देते हुए कहा- हिंदू नाम का कोई धर्म नहीं
दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती में शामिल होने के लिए दोपहर बाद से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। चार बजे तक तो घाट पर पैर रखने की जगह नहीं बची थी। आरती शुरू होने के बाद तो गंगा की लहरों पर भी नावों का जाम लग गया।

