न्यूजलिंक हिंदी,मथुरा। आप देशी गाय पाल रहे हैं और आपकी गाय अच्छा दूध दे रही है तो सरकार आपको सम्मानित करेगी। मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना के तहत ऐसे पशुपालकों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। ब्रज क्षेत्र में देशी गाय में साहीवाल, गिर, गंगातीरी, हरियाणा नस्ल की गाय मिलती हैं जिसमें साहिवाल और गिर नस्ल की बहुतायत है। जिस पशुपालक की गाय आठ से 10 लीटर दूध दे रही है उसे 10 हजार और अगर 12 से 15 लीटर दूध दे रही है तो 15 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में मिलेंगे।
जनपद को योजना के तहत 107 किसानों का लक्ष्य मिला है। जनपद में अब तक ऐसे 17 पशुपालकों की पहचान योजना के लिए सुनिश्चित हो चुकी है। इस योजना का लाभ किसान पांच जनवरी तक उठा सकते हैं। इसके लिए नजदीकी पशु चिकित्सालय में कार्यरत पशु चिकित्सा अधिकारी से किसान संपर्क कर सकते हैं। क्षेत्र में संचालित दुग्ध विकास परिषद की डेयरी पर भी इसकी सूचन दे सकते हैं। मथुरा में विकास भवन स्थित मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के कार्यलाय में भी पशुपालक संपर्क कर सकते हैं।
ऐसे मिलेगा योजना का लाभ
सूचना देने के बाद पशु पालक से एक फार्म भरवाया जाएगा। इसके लिए जरूरी है कि पशुपालक ने अपने पशु का बीमा कराया हो और पशु की टैगिंग की गई हो। टैगिंग वाले पशु के कान में छल्ला डला हुआ होता है। इसके बाद पशु चिकित्सा विभाग का वीओ देशी गाय की नस्ल, दुग्ध उत्पादन आदि की वेरीफिकेशन करेगा।
वर्जन
योजना का उद्देश्य किसानों को देशी नस्ल की गायों के पालन के लिए प्रोत्साहित करना है। दे शी गाय का दूध गुणों से भरपूर होता है। देसी नस्ल की गायों में प्रजनन की समस्या भी दूसरी नस्लों की अपेक्षा कम आती है।
-वीके गर्ग, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी मथुरा

