न्यूजलिंक हिंदी,मथुरा। राजमिस्त्री, टाइल्स कारीगर, शटरिंग कारीगर को एक लाख रुपये से अधिक का प्रतिमाह वेतन मिलेगा। श्रमिक को अंग्रेजी समझने और बोलने का ज्ञान होना चाहिए। इन श्रमिकों को 15 हजार रुपये प्रतिमाह बोनस फण्ड भी के रूप में मिलेंगे। सहायक श्रमायुक्त एमएल पाल ने अवगत कराया है कि भारत सरकार द्वारा निर्माण श्रमिकों के रोजगार के लिए एक सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है।
जिसके अन्तर्गत इजराइल में सुरक्षित स्थान पर बिल्डिंग निर्माण से सम्बन्धित कार्य करने वाले श्रमिक जैसे राजमिस्त्री, टाइल्स कारीगर, शटरिंग कारीगर तथा जाल बनाने वाले कारीगर आदि कार्यों के लिए भारत सरकार के राष्ट्रीय कौशल विकास कारपोरेशन के माध्यम से श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आमंत्रित किए जा रहे हैं। श्रमिक अथवा श्रमिक का परिवार पूर्व में कभी इजराइल में कार्य न किया हो। श्रमिकों को प्रतिमाह 1,25,000 लगभग वेतन के रूप में दिया जाएगा।
श्रमिक को 15 हजार प्रतिमाह बोनस फंड के रूप में दिया जाएगा, जो कंपनी के खाते में जमा रहेगा जो कार्य समाप्ति पर वापस होगा। श्रमिक को आने जाने का व्यय स्वयं वहन करना होगा। श्रमिक की आयु 21 वर्ष से 45 वर्ष के मध्य होना अनिवार्य है। श्रमिक को कम से कम तीन वर्ष कार्य का अनुभव होना अनिवार्य है। इच्छुक श्रमिक सहायक श्रमायुक्त श्रम विभाग के कार्यालय में तत्काल सम्पर्क कर सकतें है।
यह शर्त करनी होंगी पूरी
श्रमिक चारों प्रकार के कार्यों में से किसी एक कार्य में निपुण हों। श्रमिक का पासपोर्ट उपलब्ध हों। ऐसे श्रमिक जिनके पास पासपोर्ट उपलब्ध न हो, वह तत्काल पासपोर्ट बनवा सकता है। श्रमिक को कम से कम एक वर्ष एवं अधिकतम पांच वर्ष की सेवा देना अनिवार्य है। श्रमिक को अंग्रेजी भाषा को समझने व बोलने तथा पढ़ने का ज्ञान होना आवश्यक है।

