न्यूज़लिंक हिंदी। भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच में पारी और 32 रनों से हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया को इस हार के बाद एक और मुश्किल का सामना करना पड़ा। आईसीसी ने भारतीय टीम पर जुर्माना लगाया है। टीम इंडिया पर 10 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगा है। भारतीय टीम ने हार के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के दो पॉइंट्स भी गंवाए हैं।
भारत सेंचुरियन टेस्ट के दौरान आवश्यक ओवर-रेट को बनाए रखने में विफल रहा। आईसीसी ने जुर्माने के तौर पर भारतीय टीम पर मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना भी लगाया गया है। आईसीसी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, यह प्रतिबंध भारत द्वारा लक्ष्य से दो ओवर पीछे रहने के बाद लगाया गया।
क्या है आईसीसी का नियम?
खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार, खिलाड़ियों को आवंटित समय में गेंदबाजी करने में विफल रहने वाले प्रत्येक ओवर के लिए उनकी मैच फीस का पांच फीसदी जुर्माना लगाया जाता है। यह नियम न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है।
भारत की ताजा स्थिति
टेस्ट में हार के बाद भारत 16 अंक और 44.44 अंक प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर था। अंकों की कटौती के कारण टीम इंडिया अब छठे स्थान पर आ गई। उसके खाते में 14 अंक और 38.89 अंक प्रतिशत हैं। दक्षिण अफ्रीका पहले, पाकिस्तान दूसरे, न्यूजीलैंड तीसरे, बांग्लादेश चौथे और ऑस्ट्रेलिया पांचवें स्थान पर है। भारत से नीचे वेस्टइंडीज सातवें, इंग्लैंड आठवें और श्रीलंका नौवें स्थान पर है।
ये भी पढ़े : दहेज न मिलने पर पति ने भरी पंचायत में तीन बार तलाक कहकर पत्नी से खत्म किया रिश्ता, जाने पूरा मामला
सेंचुरियन टेस्ट में क्या हुआ?
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने पहली पारी में 245 रन बनाए थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 408 रन बनाए। अफ्रीकी टीम ने पहली पारी में 163 रन की बढ़त मिली थी। भारत दूसरी पारी में 131 रन पर ऑलआउट हो गया। दक्षिण अफ्रीका ने मैच जीतकर सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

