न्यूज़लिंक हिंदी। राजस्थान सरकार की नई भजन लाल सरकार के मंत्रिमंडल का पूर्ण रूप से गठन हो गया है। इसमें कैबिनेट मंत्री बने एक नेता ऐसे हैं, जिनके पास पक्का मकान तक नहीं है। वे आज भी कच्चे मकान यानी झोपड़ी में रहते हैं।
इनका नाम है बाबूलाल खराड़ी। बाबूलाल खराड़ी आदिवासी क्षेत्र के झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार विधायक बने हैं। ठेठ आदिवासी क्षेत्र से आने वाले खराड़ी को पहली बार मंत्री बनने का मौका मिला और वो भी कैबिनेट मंत्री बनने का।
सबसे रोचक बात यह है कि कैबिनेट मंत्री बने बाबूलाल खराड़ी की दो पत्नियां हैं। दोनों उनके साथ झोपड़े में ही रहती हैं। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटे देवेंद्र खराड़ी और प्रद्युमन खराड़ी गांव में ही खेती भी करते हैं।
खराड़ी के दोनों बेटे और पत्नियां फिलहाल राजनीति से दूर हैं। उनके दोनों बेटों और दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। बाबूलाल खराड़ी के पास एक ट्रैक्टर और एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी है।
बाबूलाल खराड़ी गरीब परिवार से हैं। पहली बार उन्होंने वर्ष 1998 के विधानसभा चुनाव में राजनीति में पहला कदम रखा। बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। पहली हार से उनका हौसला नहीं टूटा, बल्कि उन्होंने इस हार को चेलेंज के रूप में लिया और फिर से तैयारी की। 2003 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने फिर से टिकट दिया तो खराड़ी ने पूर्ण रूप से जीत हासिल की।
इसके बाद वे 2008 में फिर से विधायक बने। वर्ष 2013 के चुनाव में मोदी लहर के बावजूद उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन 2018 के चुनाव में उन्होंने वापसी करते हुए जीत हासिल की। 2023 के विधानसभा चुनाव में बाबूलाल खराड़ी बीजेपी के टिकट पर चौथी बार विधायक बने।
बाबूलाल खराड़ी की सादगी की तारीफ बीजेपी के कई नेता करते आए हैं। पिछले साल दिसंबर 2022 में पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया झाड़ोल दौरे पर गए तब वे बाबूलाल खराड़ी के कच्चे मकान में भी गए थे। इस दौरान पूनिया ने खराड़ी की सादगी की काफी तारीफ की। पार्टी की वरिष्ठ नेता विजया राहटकर भी खराड़ी की तारीफ कर चुके हैं।

