न्यूज़लिंक हिंदी। अयोध्या में बने भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की सैटेलाइट तस्वीरें सामने आई हैं। दरअसल, ISRO यानी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने भव्य राम मंदिर की सैटेलाइट तस्वीरें साझा की हैं। सैटेलाइट तस्वीरों में दशरथ महल और सरयू नदी साफ नजर आ रही है। नव पुनर्निर्मित अयोध्या रेलवे स्टेशन सैटेलाइट तस्वीरों में दिख रहा है। अयोध्या राम मंदिर की सैटेलाइट तस्वीरें सामने आने के बाद रामभक्तों में खासा उत्साह है।

भारत के पास मौजूदा समय अंतरिक्ष में 50 से अधिक सैटेलाइट हैं। उनमें से कुछ का रिजॉल्यूशन एक मीटर से भी कम है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के हैदराबाद में स्थित राष्ट्रीय रिमोट सेंसिंग सेंटर ने अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर की तस्वीरें लेने के काम को अंजाम दिया है।

इसरो द्वारा जारी की गईं सैटेलाइट तस्वीरों में 2.7 एकड़ के श्रीराम मंदिर स्थल को साफ देखा जा सकता है। भारतीय रिमोट सेंसिंग श्रृंखला के सैटेलाइट का उपयोग करके इसका एक विस्तृत दृश्य भी दिखाया गया है। अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने स्वदेशी सैटेलाइट का उपयोग करके अंतरिक्ष से भव्य राम मंदिर की पहली झलक दिखाई है।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि मंदिर के निर्माण के अन्य चरणों में भी इसरो की टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। अयोध्या की इस भव्य परियोजना में एक बड़ी चुनौती भगवान राम की मूर्ति को लगाने के लिए सटीक स्थान की पहचान करना था। मंदिर निर्माण के दौरान भगवान राम की सटीक स्थान की पहचान करने की जिम्मेदारी भी इसरो को सौंपी गई थी। राम मंदिर का ट्रस्ट चाहता था कि भगवान राम मूर्ति को 3X 6 फीट की जगह पर रखा जाए। जहां माना जाता है कि भगवान राम का जन्म हुआ था।

