Kanpur: गंगा बैराज प्लांट बंद होने से खड़ी हुई समस्या, जलनिगम ने खोदाई की शुरू, शहर के 50 मौहल्लों में जलसंकट पैदा

गंगा बैराज से कंपनीबाग चौराहा के बीच लाइन में लीकेज हो जाने से प्लांट बंद करना पड़ा। जल निगम की टीम इसे ढूंढने में नाकाम हुई तो लखनऊ से एक टीम बुलाई गई है।

0
273

न्यूज़लिंक हिंदी, कानपुर। गंगा बैराज लाइन में लीकेज रविवार को काफी मशक्कत के बाद विष्णुपुरी के पास मिला। अधिकारियों के अनुसार डॉल्फिन चौराहे से 100 मीटर के दायरे में लीकेज है। क्योंकि पाइप लोहे का है इसलिये अंदर से लीकेज को बंद करना है। इसके लिये सोमवार को दिल्ली से स्पेशल टीम सही करने आएगी। हालांकि, जलनिगम ने खोदाई शुरू की है।

दो दिनों से गंगा बैराज प्लांट बंद होने की वजह से छह करोड़ लीटर पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। जिससे 50 से अधिक मौहल्लों में पेयजल संकट खड़ा हो गया है। दक्षिण के इलाकों में तो पानी के लिये लोगों को भटकना पड़ रहा है। जलकल की ओर से पानी के टैंकर न भेजे जाने की वजह से संकट बढ़ गया है। अधिकारियों का दावा है कि 30 तारीख शाम तक पेयजल लाइन की मरम्मत कर पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।

जल निगम के अधिशाषी अभियंता अजमल हुसैन के मुताबिक गंगा बैराज से करीब छह करोड़ लीटर पानी शहर में सप्लाई किया जाता है। इससे करीब 50 मसैहल्लों की 10 लाख आबादी को पानी सप्लाई की जाती है। गंगा बैराज से कंपनीबाग चौराहा के बीच लाइन में लीकेज हो जाने से प्लांट बंद करना पड़ा। जल निगम की टीम इसे ढूंढने में नाकाम हुई तो लखनऊ से एक टीम बुलाई गई है। रविवार को टीम ने बताया कि विष्णुपुरी के पास ही लीकेज है, लेकिन पाइप को अंदर से वेल्ड करना है जिसको लेकर दिल्ली से विशेष टीम को बुलाया गया है।

अजमल हुसैन ने बताया कि 30 जनवरी को पानी की सप्लाई सुचारू कर दी जायेगी। जलकल विभाग के पानी का संकट को लेकर जलकल विभाग कंट्रोल रूम नंबर 0512-2549018 पर जो डिमांड आ रही है वहां पानी का टैंकर निशुल्क भेजा जा रहा है। हालांकि, लोगों की माने तो पानी न मिलने से लोगों को भटकना पड़ रहा है। जलकल के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।

यह इलाके हैं प्रभावित
किदवई नगर, जूही, गोविंद नगर, सर्वोदय नगर, फूलबाग, पटकापुर, साकेत नगर, निराला नगर, परमपुरवा, नौबस्ता, उस्मानपुर, गीता नगर, बिरहाना रोड, हरबंश मोहाल, चमनगंज, बेकनगंज, नई सड़क, डिप्टी पड़ाव, दर्शनपुरवा, परेड, कौशलपुरी, गुमटी नंबर पांच, जाजमऊ, कृष्णानगर, श्यामनगर, विजय नगर, शास्त्रीनगर और बर्रा में जलसंकट हो गया है।

ये भी पढ़ें : Beating Retreat ceremony: विजय चौक भारतीय धुनों का बनेगा साक्षी, कार्यक्रम में रक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री रहेंगे मौजूद

पार्षदों से बातचीत-

विष्णुपुरी इलाके में गंगा बैराज से कंपनी बाग चौराहे तक जाने वाले रूट पर पाइप लाइन में लीकेज होने के चलते हर दिन पानी बर्बाद होता है। साथ ही पानी रोड पर फैला होने के चलते भी वहां से गुजरने वाले लोगों की समस्या होती है। कभी भी कोई हादसा हो सकता है।  – महेंद्र पांडे, पार्षद विष्णुपुरी

जूही समेत आस-पास के कई इलाकों में पिछले तीन दिनों से पानी की सप्लाई बंद होने से लोगों को परेशानी का सामान करना पड़ रहा है। यहां पर पानी के टैंकर से मंगवाकर सप्लाई की जा रही है। आए दिन लीकेज के चलते समस्या बढ़ती जा रही है।  -शालू कनौजिया, पार्षद जूही

दक्षिण के कई इलाको में गुजैनी वॉटर वर्कस से पानी की सप्लाई होती है। गंगा बैराज से गुजैनी वॉटर वर्कस में सप्लाई बंद कर दी गई है। जिसके चलते लाखों लोगों पानी के लिए तरस रहे हैं। इसके लिए जलकल विभाग से कंप्लेन की गई है। लीकेज समस्या जब तक खत्म नहीं होती है, तब तक समस्या से लोग प्रभावित रहेंगे। – अंजुली दीक्षित, पार्षद गुजैनी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here