न्यूज़लिंक हिंदी। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के अलग होने की खबरों के बीच अखिलेश यादव को एक और बड़ा झटका लगा है। दरअसल, स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा से भी इस्तीफा दे दिया है। साथ ही उन्होंने विधान परिषद की सीट से भी त्यागपत्र दे दिया है। सपा से इस्तीफा देते हुए स्वामी ने अखिलेश को एक पत्र भी लिखा।
उन्होंने लिखा- आपके नेतृत्व में सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। किन्तु दिनांक 12 फरवरी 2024 को हुई वार्ता एवं दिनांक 13.02.2024 को प्रेषित पत्र पर किसी भी प्रकार की वार्ता की पहल न करने के फलस्वरूप मैं समाजवादी पार्टी की प्राथमिक सदस्य से भी त्याग-पत्र दे रहा हूं।

स्वामी प्रसाद ने विधान परिषद के सभापित को पत्र में लिखा कि मैं समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में विधानसभा, उत्तर प्रदेश निर्वाचन क्षेत्र से सदस्य, विधान परिषद उत्तर प्रदेश निर्वाचित हुआ हूं। चूंकि मैंने समाजवादी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है इसलिए नैतिकता के आधार पर विधान परिषद उत्तर प्रदेश की सदस्यता से भी त्यागपत्र दे रहा हूं। कृपया स्वीकार करने की कृपा करें।

