न्यूज़लिंक हिंदी। झारखंड में चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका मिला है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी व पश्चिम सिंहभूम जिले की सांसद गीता कोड़ा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। वह अब भाजपा संग जुड़ गई हैं। झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, वह राज्य में कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए गठबंधन से खुश नहीं हैं।
इससे दो दिन पहले दक्षिण तमिलनाडु में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा था. विलावनकोड निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार की कांग्रेस विधायक विजयाधरानी ने पार्टी को अलविदा कहते हुए बीजेपी का दामन थाम लिया। उन्हें लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार अटकलें लग रहीं थी। वह राज्य सरकार के चालू बजट सत्र के दौरान भी विधानसभा में नहीं आईं और पार्टी नेताओं का उनसे संपर्क हो पाया। उनके कांग्रेस छोड़ने का एक मुख्य कारण पार्टी के आंतरिक मतभेद रहे। वह कथित तौर पर वरिष्ठ नेता सेल्वापेरुन्थागई से नाराज थीं, जो कुछ समय पहले तक सीएलपी नेता थे और कुछ समय पहले ही उन्हें तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में पदोन्नत किया गया था।
ये भी पढ़े : भारतीय किसान यूनियन ने आज ट्रैक्टर मार्च का किया ऐलान, नोएडा पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
उससे पहले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कांग्रेस छोड़ने के एक दिन बाद मंगलवार को बीजेपी ज्वाइन कर ली थी । उनका उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने बीजेपी में स्वागत किया। बीजेपी में शामिल होने के बाद भी अशोक चव्हाण ने कहा कि मैं आज बीजेपी में शामिल हुआ हूं। मुझे मौका देने के लिए पीएम मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा और देवेंद्र फडणवीस सहित सभी का आभार मानता हूं।

