न्यूज़लिंक हिंदी, धनबाद। शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने धनबाद में रोड शो किया। इसके बाद उन्होंने एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा का मकसद है- विकास, विकास और तेज विकास, जबकि कांग्रेस हो या उसके सहयोगी दल, वो विकास के सबसे बड़े दुश्मन हैं। देश कह रहा है कि जहां दूसरों से उम्मीद खत्म हो जाती है, वहां से मोदी की गारंटी शुरू होती है। झारखंड के लोग मोदी की ऐसी अनेक गारंटियों के गवाह हैं, जो बीते वर्षों में पूरी हुई है।
400 पार का नारा ऐसे ही नहीं लग रहा
पीएम मोदी ने कहा कि ये 400 पार का नारा ऐसे ही नहीं लग रहा है। ये तभी लग रहा है जब मोदी की गारंटी पर देश भरोसा कर रहा है। कभी-कभी मैं सोचता हूं कि पता नहीं मेरा कितने जन्मों का पुण्य होगा जो आप मुझे इतना प्यार और इतना आशीर्वाद दे रहे हैं। आप जो मुझे इतना प्यार देते हैं, इतना आशीर्वाद देते हैं, क्या मैं आपके लिए जिंदगी खपा पाऊंगा या नहीं? शरीर का कण-कण, समय का पल-पल आपको समर्पित करूंगा की नहीं? आपको विश्वास है ना? यही मोदी की गारंटी है।
शासन-प्रशासन ईमानदार हो
उन्होंने कहा कि झारखंड में तेज विकास के लिए जरूरी है कि यहां कानून व्यवस्था अच्छी हो, शासन-प्रशासन ईमानदार हो, लेकिन जब से यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस की परिवारवादी, भ्रष्टाचारी और तुष्टिकरण वाली सरकार बनी है, तब से यहां स्थितियां बदली हैं। JMM का मतलब हो गया है- जमकर खाओ।
आप ही मेरे परिवारजन हैं
पीएम ने कहा कि JMM और कांग्रेस ने जनजातियों को सिर्फ वोट बैंक ही समझा है। ये लोग यहां के प्रतिभाशाली नौजवानों को कभी आगे नहीं बढ़ाएंगे, क्योंकि परिवारवादी अपने ही परिवार के बारे में सोचते हैं, लेकिन मोदी आपके बारे में सोचता है, आपके भविष्य के बारे में सोचता है। आप ही मेरे परिवारजन हैं, आपके बच्चों का भविष्य, मेरी गारंटी है।
आपका अधिकार सीधा-सीधा आपको मिले
पीएम मोदी ने कहा कि ये इंडी गठबंधन वाले कितना भी दबाव बना लें, लेकिन ये मोदी न दबने वाला है और न ही हटने वाला है। मुफ्त अनाज की योजना मोदी चालू रखेगा ताकि गरीब के घर का चूल्हा जलता रहे। INDI गठबंधन विकास और जनता विरोधी है। इन लोगों के पास जनता का हक छीनकर सरकार में मौज करने के अलावा कोई और विजन नहीं है। जबकि मोदी की कोशिश है कि आपका अधिकार सीधा-सीधा आपको मिले। मोदी के ऐसे ही कामों ने INDI गठबंधन के बिचौलियों का कमीशन बंद कर दिया है।
जो लोग गरीबी में जी रहे….. उनकी गरीबी भी जाएगी
प्रधानमंत्री ने कहा कि आपका सपना ही मोदी का संकल्प है। मैं दिन-रात इसलिए खपा रहा हूं ताकि देश के गरीबों की मुश्किलों को कम कर सकूं। उनको गरीबी से जल्द से जल्द बाहर निकाल सकूं। पिछले 10 वर्षों में करीब 25 करोड़ लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर आए हैं और अभी भी जो लोग गरीबी में जी रहे हैं, उनकी गरीबी भी जाएगी। मोदी का संकल्प है, ‘विकसित भारत’ के लिए ‘विकसित झारखंड’।
ये भी पढ़ें : Punjab: AAP कार्यकर्ता की सरेआम गोली मारकर हत्या, रेलवे क्रॉसिंग पर हमलावरों ने की अंधाधुंध फायरिंग

