न्यूजलिंक हिंदी, दिल्ली। कानपुर की हॉट संसदीय सीट पर रविवार देर रात भाजपा ने अपना प्रत्याशी रमेश अवस्थी के रूप में उतार दिया। सांसद सत्यदेव पचौरी ने शाम 7 बजे पत्र जारी किया जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा जेपी नड्डा से कहा कि वह कानपुर की सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं है। अत: उनके बारे में विचार करना छोड़ दें। इस पत्र के बाद यह तो तय हो गया कि अब भाजपा को नया कंडीडेट मिलने वाला है। लेकिन, दो घंटे के बाद 9.15 बजे भाजपा ने कानपुर की सीट से रमेश अवस्थी को अपना प्रत्याशी बना दिया। इससे यह तय हो गया कि सत्यदेव पचौरी के पीछे हटने से पहले ही पर्दे के पीछे सब तय हो गया था।

आर्यनगर में अपना निवास
रमेश अवस्थी वरिष्ठ पत्रकार हैं और राम सेवा मिशन संस्था चलाते हैं। वह 2014 और 19 में भाजपा से पहले बांदा फिर कानपुर से लोकसभा की टिकट का दावा कर रहे थे। वह मूल रूप से फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं पर कानपुर में आर्यनगर में अपना निवास बनाया है।

कानपुर में हर साल भव्य मैंगो पार्टी कराने के लिए चर्चित
रमेश अवस्थी कानपुर में साल में एक बार आम की दावत करते हैं जिसमें देश के हर किस्म के आम मंगवाकर लोगों को खिलाते हैं। यह पार्टी काफी चर्चित रहती है। कुछ दिन पहले भाजपा नेता रमेश अवस्थी और द ग्रेट खली के नेतृत्व में एक भव्य कार्यक्रम भी कानपुर में हुआ था। रामायण सीरियल में सीता की भूमिका निभाने वाली दीपिका चिखालिया का भी कार्यक्रम वह करा चुके हैं। राम मंदिर से संबन्धी वह लंबी यात्रा भी निकाल चुके हैं। इसमें राम दरबार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसी उल्लेखनीय राजनीतिक हस्तियों को प्रदर्शित किया गया था।
यह दावेदार रह गये पीछे
कानपुर से टिकट के लिए सत्यदेव पचौरी के अलावा ब्रजेश पाठक, सतीश महाना, अजय कपूर, सुरेंद्र मैथानी, अरुण पाठक, महेश त्रिवेदी, नीतू सिंह, मालिनी अवस्थी के नाम भी चर्चा में रहे थे। रमेश अवस्थी के टिकट की खबर के बाद भाजपा में जहां एक ओर उन्हें लड़ाने की तैयारी शुरू हो गयी है वहीं कांग्रेस-सपा गठबंधन अपने प्रत्याशी आलोक मिश्रा की जीत के समीकरण सेट करने में जुट गया।

