यह उस समय का वीडियो बताया जा रहा है जब मुख्तार को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। pic.twitter.com/zFnAgncU1v
— Newslink Hindi (@newslinkhindi) March 28, 2024
न्यूजलिंक हिंदी, बांदा। यूपी की सबसे बड़ी खबर गुरुवार देर रात सामने आई। माफिया मुख्तार अंसारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। शाम करीब साढ़े छह बजे मुख्तार की जेल में तबीयत बिगड़ी थी। इसके बाद प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और करीब साढ़े आठ बजे के आसपास उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया था। जहां दो घंटे तक उसका इलाज चला। उसे आईसीयू से सीसीयू में शिफ्ट किया गया। जहां रात साढ़े दस बजे के आसपास उसकी मौत हो गई। मेडिकल प्रशासन ने मुख्तार की मौत की पुष्टि की है।

दो दिन पहले 26 मार्च को मुख्तार ने जेल प्रशासन से पेट में दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद उसे तत्काल ही मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जहां डॉक्टरों ने ओवर ईटिंग व कब्ज बताकर इलाज किया और 14 घंटे बाद उसी दिन देर शाम उसे वापस मंडलीय कारागार भेज दिया था।
गुरुवार शाम साढ़े सात बजे के आसपास अचानक मुख्तार की तबीयत फिर से बिगड़ने पर प्रशासन ने आनन-फानन उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। मुख्तार की मौत के बाद जिले भर की पुलिस फोर्स को अलर्ट कर दिया गया है। जेल के भीतर भी पुलिस फोर्स तैनात है। देर रात तक डीएम और एसपी भी मेडिकल कॉलेज में मौजूद रहे।
