न्यूज़लिंक हिंदी। कानपुर में जूही राखी मंडी बस्ती में भीषण आग लगने के बाद चौतरफा बर्बादी की राख बिखरी हुई नजर आई। झोपड़ियों में रहने वाले लोगों ने जब आग बुझने के बाद जब घटना स्थल का मंजर देखा तो सबकुछ बर्बाद देख कर उनकी आंखों से दर्द बह निकला।
आग में किसी परिवार की उम्मीदें जलीं तो किसी की आस जलकर राख हो गईं। आग के बाद राख ठंडी पड़ने के बाद महिलाएं उसमें अपने गहने और अन्य सामान के अवशेष खोजती नजर आईं। वहीं, सिर से छत छिन जाने के कारण अब उनके सामने रात गुजारने की भी समस्या आ खड़ी है।
जानकारी के अनुसार बामुश्किल गृहस्थी बनाई थी। होली के बाद सुबह उठ कर काम शुरू भी न कर पाए थे कि आग से सबकुछ जल जाने से बर्बाद हो गया।जेवर के अवशेष लिए महिला मुलायम चीखते हुए घर से बाहर आईं। बोलीं बेटे अरुण की शादी के लिए जेवर बनवाए थे। जून में शादी है। 15 हजार रुपये तो जले ही साथ ही जेवर भी खाक हो गए।
जानकारी के अनुसार जानवर बांधने वाली चेन बनाने का कारखाना है। आग से तमाम मशीनें जल गईं। नए सिरे से काम की शुरुआत करनी पड़ेगी।सीएफओ दीपक शर्मा भी मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने पहले आग में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तंग गलियों में अग्निशमन वाहनों के न पहुंच पाने के कारण हौज रील खींचकर अंदर तक ले गए।
इसके बाद आग बुझाना शुरू किया। मौके पर डीसीपी सेंट्रल आरएस गौतम, गोविंदनगर, स्वरूपनगर और कर्नलगंज एसीपी भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को हटाया गया।
इलाके के लोगों ने बताया कि दमकल को सूचना देने के करीब डेढ़ घंटा बाद अग्निशमन कर्मी गाड़ियां लेकर पहुंचे। इस बीच आग ने मंडी के बड़े हिस्से को चपेट में ले लिया। झोपड़ियां, गोदाम जलकर राख हो गए। कई दुकानों में रखी नकदी भी जल गई। लोगों ने पुलिस और फायरब्रिगेड के सामने रोष जताया।
सुबह कंट्रोल रूम पर आग की सूचना मिली थी। फौरन दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया शाॅर्ट सर्किट से आग लगना प्रतीत हो रहा है। नुकसान व आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच पूर्ण रूप से की जा रही है।

