न्यूज़लिंक हिंदी। इटावा लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रोफेसर रामशंकर कठेरिया के पक्ष में जनसमर्थन जुटाए पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में राम मंदिर निर्माण को केंद्र में रखते हुए सपा और कांग्रेस को घेरते हुए कहा मैं तीन महीने से पूछ रहा हूं यह नहीं बताते।
बोले-मैं इनसे पूछता हूं,आपको अखिलेश और डिंपल भाभी को प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण मिला था या नहीं। मैं राहुल बाबा से भी पूछता हूं कि आपको और आपकी मां को निमंत्रण मिला था या नहीं। मैं तीन महीने से पूछ रहा हूं यह नहीं बताते।
अब मैं बता देता हूं कि इन्हें ट्रस्ट वालों ने निमंत्रण भेजा था, लेकिन यह लोग अपने वोट बैंक से डरते हैं। जनसभा में संवाद के अंदाज में कहा कि जिन्होंने कार सेवकों पर गोली चलवाईं, जिन्होंने राम मंदिर का निर्माण रुकवाया, जिन्होंने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का भी बहिष्कार किया, उन्हें वोट देंगे या राम मंदिर बनाने वालों को।
कहा कि नाम लेकर बताओ कि राहुल बाबा को या मोदी को। दावा कि पूरे देश में मोदी,मोदी,मोदी के नारे लग रहे हैं। पूरा देश मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। पूरा देश जानता है मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने का मतलब देश के अर्थतंत्र को दुनिया के अर्थतंत्र में तीसरे नंबर का बनाना है।
गृहमंत्री ने भाजपा सरकार की उपलब्धि गिनाते हुए कहा कि 10 साल में मोदी ने देश को पूर्ण सुरक्षित किया है। कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने के मुद्दे पर जनसभा में लोगों से सवाल के माध्यम से उनका मन भी टटोला। पूछा-कि इटावा वालों कश्मीर हमारा है या नहीं है, 370 हटना चाहिए था या नहीं।
कांग्रेस अध्यक्ष पर भी तंज कसते हुए , कहा कि खड़गे जी कहते हैं कि राजस्थान और यूपी वालों का कश्मीर से क्या लेना देना। अरे, खड़गे साहब आप 80 पार कर गए, लेकिन आप देश को समझ नहीं पाए। इटावा का मेरा बच्चा-बच्चा कश्मीर के लिए आज भी तैयार है। मोदी ने देश से आतंकवाद खत्म करने का काम पूर्ण श्रद्धा से किया।

