न्यूज़लिंक हिंदी। शिक्षिका ने एक यूट्यूब चैनल पर दिए इंटरव्यू में कहा था कि 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान ईवीएम मशीन में बहुत ही गड़बड़ी थी। मशीन के किसी भी नंबर को दबाने पर एक ही पार्टी को वोट जा रहा था। विरोध करने पर मशीन बदली गई। शिक्षामित्र का इंटरव्यू सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया।
आगरा सुरक्षित लोकसभा की रिटर्निंग ऑफिसर ने केस दर्ज करवाया है। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका का वेतन भी रोक दिया है। मामला थाना खंदौली के नगला जार का है। एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र की बीएलओ में पूर्ण ड्यूटी लगाई गई थी। शिक्षामित्र विनीता पत्नी कुलदीप सिंह खंदौली क्षेत्र के भाग संख्या 44 पर बीएलओ की ड्यूटी कर रही थीं।
उन्होंने 28 अप्रैल को एक यूट्यूब चैनल पर इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने वोटिंग मशीन पर सवाल उठाए थे। शिक्षामित्र विनीता सिंह ने कहा था कि पिछले चुनाव 2019 में वोटिंग मशीन में बटन दबाने पर एक ही पार्टी को वोट जा रहे थे। जब लोगों ने इसका विरोध किया तब मशीन बदली गई।
इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसका संज्ञान रिटर्निंग ऑफिसर ने ले लिया। थाना खंदौली के प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया है कि शिक्षका के खिलाफ 28 अप्रैल को धारा 171 जी के तहत केस भी दर्ज हुआ है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जब यह वीडियो देखा तो उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को शिक्षामित्र के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सख्त आदेश दिए थे। शिक्षामित्र का वेतन रोकने के साथ उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

