न्यूज़लिंक हिंदी। देशभर में मॉनसून की एंट्री अब पुरी तरह हो गई है और कई राज्यों में भारी बारिश का दौर भी जारी है। वहीं दिल्ली के लोगों बारिश का इंतजार है।
दिल्लीवासी उमस भरे गर्मी से बेहद परेशान है। वहीं, मुंबई में भारी बारिश का दौर भी जारी है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों के लिए भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग ने सोमवार को पूर्वानुमान जताया था कि मानसून के जोर पकड़ने के कारण जुलाई में देश में औसत से ज्यादा बारिश होने की उम्मीद है। मानसून 30 मई को केरल और पूर्वोत्तर में समय से पहले पहुंच गया, लेकिन महाराष्ट्र में इसकी रफ्तार धीमी रही। इस कारण उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी की लहरें चलीं और पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक शुष्क स्थिति बनी रही।
आईएमडी के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में सक्रिय मानसून की स्थिति होने की पूर्ण संभावना है। मौसम विभाग ने 6 जुलाई को दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
अगले पांच दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा भारी से बहुत भारी बारिश होने की मुख्य संभावना है। वहीं पूर्वी भारत में छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश की उम्मीद है।

