न्यूजलिंक हिंदी, रामपुर।सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां पर एक बार फिर से बड़ी कार्रवाई हुई है। रामपुर में बने नेता के हमसफर रिसार्ट पर सीएम योगी का बुलडोजर गरजा। प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस बल सरकारी जमीन पर बनी दीवार को गिराकर कब्जा मुक्त करा दिया। विधायक आकाश सक्सेना की शिकायत के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। कार्रवाई के समय सपा नेता भी मौके पर पहुंचे, उन्होंने कहा कि प्रशासन ने बिना लाल निशान लगाए रिसार्ट की दीवार और इमारत को ध्वस्त किया है। यह तानाशाही है।
मंत्री रहते आजम खां ने कराया था निर्माण
सपा के शासन में कोतवाली थाना क्षेत्र के पसियापुरा गांव में मंत्री रहते हुए आजम खां ने हम सफर रिसोर्ट का निर्माण कराया गया था। यह आजम खां की पत्नी पूर्व सांसद डॉ. तजीन फात्मा और बेटे अब्दुल्ला आजम खां के नाम पर है। भाजपा सरकार में आजम खां और उनके परिवार की घेराबंदी शुरू हो गई थी। उनके खिलाफ सरकारी जमीनों को कब्जाने के मुकदमे दर्ज किए गए थे। कुछ मामलों में पूर्व सांसद डॉ.तजीन फात्मा और पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खां भी शामिल हैं।
कुछ समय पहले कब्जे को लेकर जिला प्रशासन ने तहसीलदार सदर की कोर्ट में वाद दायर किया था। इसमें कहा गया था कि रिसोर्ट में खाद के गड्ढों की 0.038 हेक्टेयर जमीन है। इसकी गाटा संख्या 164 है।
कोर्ट के आदेश पर जमीन की हुई पैमाइश
कोर्ट के आदेश पर पैमाइश कराई गई। इसमें पुष्टि हुई कि यह जमीन खाद के गड्ढों की ही है। कोर्ट ने अवैध कब्जा हटाने और क्षतिपूर्ति वसूलने के आदेश दिए थे। हालांकि इस बीच मामला शांत हो गया था। कुछ दिन पहले शहर विधायक आकाश सक्सेना ने अधिकारियों से शिकायत करते हुए तहसील प्रशासन के रवैये के खिलाफ नाराजगी जाहिर की थी। मंगलवार को प्रशासन सक्रिय हो गया। जेसीबी से हम सफर रिसोर्ट की दीवार को गिराकर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान एसडीएम मोनिका सिंह भी रहीं।