न्यूज़लिंक हिंदी। भारी बारिश के चलते भूस्खलन की चपेट में आई दो बसों के उफनाई नदी में बहने से उनमें सवार कम से कम 65 यात्रियों के लापता होने की खबर है।
मिली जानकारी के मुताबिक, 65 यात्रियों को ले जा रही दो बसें चितवन जिले के सिमलताल इलाके में नारायणघाट -मुगलिंग मार्ग पर भूस्खलन की चपेट में आने के बाद उफनाई त्रिशूली नदी में पूर्ण रूप से बह गईं। चितवन के मुख्य जिला अधिकारी इंद्र देव यादव ने इस हादसे की पुष्टि की।
यादव ने ये भी बताया कि बचावकर्मियों ने भूस्खलन के मलबे को हटाने का काम भी शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि हादसे के संबंध में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा भी की जा रही है। प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ ने त्रिशूली नदी में दो बसों के बहने की घटना पर दुख जताते हुए युद्धस्तर पर तलाश एवं बचाव अभियान के निर्देश जारी किए हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना सुबह 3:30 बजे हुई। इस पूरे इलाके में जोरदार बारिश लगातार हो रही है। आलम यह है कि नेपाल से काफी पानी छोड़ा गया जिसका असर भारत में भी देखा जा रहा है।
इस बीच काठमांडू से भरतपुर तक की सभी उड़ानों को मुख्य रूप से रद्द कर दिया गया है। मानसूनी बारिश के बीच नेपाल में अब तक कम से कम 62 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 90 लोग घायल हो गए हैं।
प्राकृतिक आपदा की वजह से अब तक लगभग 7 लोग लापता हैं। भारी बारिश की वजह से नेपाल में प्रॉपर्टी को काफी नुकसान भी पहुंचा है। बताया जा रहा है कि लगभग 121 घर बारिश में गिर गए हैं। अब तक 1 हजार से ज्यादा परिवारों को सुरक्षित इलाकों में पहुंचाया गया है।

