नयागंज से सेंट्रल स्टेशन तक टनल में ट्रैक निर्माण शुरू, पटरियों की वेल्डिंग के बाद 1250 मीटर लंबे ‘अप-लाइन‘ पर शुरू की गई ट्रैक स्लैब की ढलाई

0
165

न्यूज़लिंक हिंदी। मेट्रो कॉरिडोर-1 के अंतर्गत निर्माणाधीन चुन्नीगंज-नयागंज अंडरग्राउंड सेक्शन के ‘अप-लाइन‘ में ट्रैक निर्माण का कार्य पूरा करने के बाद अब कानपुर सेंट्रल-ट्रांसपोर्ट नगर अंडरग्राउंड सेक्शन में भी ट्रैक निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है।

नयागंज से सेंट्रल स्टेशन तक रेल (पटरियों) को बिछाने के बाद शनिवार से ट्रैक स्लैब की ढलाई शुरू की गई। नयागंज से कानपुर सेंट्रल स्टेशन के बीच लगभग 1250 मीटर लंबे स्ट्रेच के ‘अप-लाइन‘ पर ट्रैक निर्माण का कार्य किया जा रहा है।

अंडरग्राउंड टनल के अंदर ट्रैक निर्माण के लिए सर्वप्रथम निर्माणाधीन कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन के पास कट आउट से रेल (पटरियों) को और उन्हें वेल्ड करने के लिए एफबीडब्लू (फ्लैश बट्ट वेल्ड) प्लांट को जमीन के नीचे उतारा गया था। इसके बाद कानपुर सेंट्रल स्टेशन से नयागंज स्टेशन तक लगभग 1250 मीटर लंबे ’अप-लाइन’ टनल में रेल (पटरियों) के वेल्डिंग और उन्हें बिछाने की प्रक्रिया पूरी की गई।

आज से रेल (पटरियों) के नीचे स्लैब के ढलाई का कार्य भी आरंभ कर दिया गया। कानपुर मेट्रो के एलिवेटेड ट्रैक की तरह ही अंडरग्राउंड मेट्रो का ट्रैक भी बैलास्ट-लेस यानि गिट्टी-रहित है। ट्रेन चलने के दौरान कंपन और शोर को अवशोषित करने के लिए ट्रैक में मास स्प्रिंग सिस्टम का प्रयोग किया गया है। ट्रैक स्लैब की ढलाई के बाद आगे डिरेलमेंट गार्ड बनाये जाएंगे और थर्ड रेल इन्स्टॉल करने के प्रबंध भी किए जाएंगे।

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि, कानपुर मेट्रो की टीम ने ‘अप-लाइन‘ पर नयागंज स्टेशन तक ट्रैक निर्माण और थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का काम पूरा करने के साथ ही आईआईटी से नयागंज तक मेट्रो ट्रेन ले जाने का रास्ता तैयार कर लिया है। नयागंज स्टेशन तक ‘डाउनलाइन‘ पर भी ट्रैक निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

आज नयागंज से कानपुर सेंट्रल स्टेशन के बीच ‘अप-लाइन‘ टनल पर ट्रैक स्लैब की ढलाई शुरू की गई। हाल ही में हमने स्वदेशी कॉटन मिल के निकट स्थित रैंप एरिया से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक टनल निर्माण के लिए ‘आजाद‘ टीबीएम मशीन को भी लॉन्च किया है। समय की बचत के लिए हमारी टीम आपसी तालमेल और सहयोग से टनल और ट्रैक निर्माण के साथ सिस्टम इंस्टॉलेशन का कार्य भी कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here