न्यूज़लिंक हिंदी। सीएम ग्रिड योजना का मार्बल व्यापारियों ने किया विरोध, बीजेपी जिलाध्यक्ष को दिया ज्ञापन। योजना के तहत बाबा कुटी से लेकर अलंकार गेस्ट हाउस तक होना है सड़क निर्माण।
सीएम ग्रिड योजना के तहत प्रस्तावित बाबा कुटी से अलंकार गेस्ट हाउस तक बनने वाली सड़क का शनिवार को मार्बल व्यापारियों ने विरोध किया। कानपुर दक्षिण उद्योग व्यापार मंडल ने बैनर तले व्यापारियों ने भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष को ज्ञापन देकर सड़क को बनाने से रुकवाने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि अगर सड़क बनी तो यहां का व्यापार चौपट हो जायेगा।
माल लोडिंग-अनलोडिंग में समस्या आयेगी। कर्मचारी व मजदूर बेरोजगार हो जायेंगे। सड़क पर पहले से खड़े बड़े पेड़ काटे जाएंगे। व्यापारियों ने कहा कि यदि सड़क बनी तो प्रदर्शन होगा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष कमल उत्तम ने कहा कि कानपुर मार्बल मार्केट उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी मार्केट है। जिसमें सभी जिलों के व्यापारी एवं ग्राहक रोज आते हैं। मार्केट से करोड़ों रुपये का राजस्व सरकार को जाता है।
उत्तर प्रदेश में इस मार्केट की एक पहचान है। सीएम ग्रिड रोड बनने से माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग में बहुत समस्या होगी। इस मार्केट में सैकड़ों प्रतिष्ठान व उनसे जुड़े हुए स्टाफ व हजारों लेबर रोजगार पा रहे हैं। जो इस सड़क के बनने से भुखमरी की कगार पर आ जायेंगे। इस योजना के तहत बनने वाली रोड से पर्यावरण की सुरक्षा हेतु लगे सैकड़ों पेड़ नष्ट हो जायेंगे एवं तमाम धार्मिक स्थल भी नष्ट होंगे जो कि आम जनमानस के द्वारा विरोध का कारण भी बनेंगे।
उन्होंने भाजपा के दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह को ज्ञापन देते हुये कहा कि इस योजना के तहत बनने वाली सड़क को रूकवाने की कृपा करें। शिवराम सिंह ने कहा कि मैं व्यापारियों की मांग से सहमत हूं, अधिकारियों से बातचीत की जायेगी उनसे कहा जायेगा कि एक बार फिर से यहां के व्यापारियों से सर्वे करें और राय ली जाये। इस दौरान काफी संख्या में व्यापरी रहे।

