न्यूज़लिंक हिंदी। मधुरापुर गंगा घाट पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया , गंगा स्नान करने गए चार बच्चे गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
सभी बच्चे नवगछिया के नया टोला गांव से आये थे और पहली सोमवारी पर गंगा स्नान करने के लिए आये थे। बताया जा रहा है कि 11 बच्चों का समूह गंगा स्नान करने गया था। अचानक 10 बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और 6 बच्चों को बचा भी लिया गया । चार बच्चे डूब गए। मृतकों की पहचान शिवम कुमार , सोनू कुमार , आलोक कुमार और संजीव कुमार के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से तीन बच्चों के शव को नदी से बाहर निकाल लिए गए, जबकि एक बच्चे की तलाश अभी जारी है। मृतक बच्चों के साथी ने बताया कि सोमवार की पहली सोमवारी को लेकर नवगछिया नया टोला गांव से 11 बच्चे गंगा स्नान के लिए मधुरापुर गंगा जहाज घाट आये थे।
मिली जानकारी के अनुसार घटनास्थल पर पहुंच कर भवानीपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर महेश कुमार, अंचलाधिकारी विशाल अग्रवाल, आरओ भरत कुमार झा सहित कई और अधिकारियों ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।

