न्यूजलिंक हिंदी, नई दिल्ली। Rau IAS coaching: दिल्ली में हुई बारिश ने आईएएस की कोचिंग ले रहे 3 स्टूडेंट की डूबकर मौत हो गई। आईएएस कोचिंग के बेसमेंट में पानी भरने से यह हादसा हुआ। कोचिंग में पंप लगाकर पानी निकालने का काम किया गया। इसी दौरान 3 छात्रों के शव मिले। देर रात को ही 3 स्टूडेंट के शव निकाल लिये गये वहीं, 14 छात्रों को सुरक्षित निकाला गया। 3 छात्रों की मौत के बाद बड़ी संख्या में जुटे छात्र देर रात से ही सरकार के खिलाफ हंगामा कर रहे हैं। हादसे में श्रेया यादव, नेविन डाल्विन और तान्या सोनी की मौत हुई है।
पूरा मामला ओल्ड राजेंद्र नगर के राउ आईएएस कोचिंग सेंटर का है। जहां शनिवार शाम को हुई बारिश के बाद कोचिंग के बेसमेंट में पानी भर गया। पुलिस ने शाम 7 बजे सूचना मिलने के बाद NDRF टीम को बुलाया और रेस्क्यू शुरू किया। चश्मदीद के मुताबिक जब तक लाइब्रेरी खाली करते, तब तक पानी 12 फीट तक भर चुका था। बहाव इतना तेज था कि सीढ़ियां चढ़ना मुश्किल हो रहा था।
ये भी पढ़ें: NITI Aayog Meeting: ममता बनर्जी ने कहा मेरा माइक बंद कर दिया गया, केंद्र सरकार ने कहा झूठा है दावा
स्टूडेंट कर रहे प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
हादसे के बाद देर रात से ही छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया, जो सुबह भी जारी है। हादसे के बाद स्टूडेंट ने MCD के खिलाफ प्रदर्शन किया। सुबह एक प्रदर्शनकारी छात्र ने दावा किया कि 8-10 लोगों की जानें गई हैं। MCD इसे डिजास्टर बता रही है, लेकिन यह पूरी तरह से लापरवाही का मामला है। आधे घंटे की बारिश में ही घुटने तक पानी भर जाता है।

संचालक गिरफ्तार, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
पुलिस ने तीन स्टूडेंट की मौत के मामले में केस दर्ज कर संचालक और कोऑर्डिनेटर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने मुख्य सचिव नरेश कुमार को कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भरने और छात्रों के फंसने की घटना की मजिस्ट्रेट जांच शुरू करने और 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। दिल्ली मेयर शेली ओबेरॉय ने एमसीडी कमिश्नर को निर्देश दिया है कि उन सभी कोचिंग सेंटर के खिलाफ कार्रवाई की जाए, जो बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधियां चला रहे हैं। यह नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि एमसीडी के जिम्मेदार अधिकारियों की तत्काल जांच होनी चाहिए।


