न्यूज़लिंक हिंदी। मुंबई के एक जाने माने फाइव स्टार होटल में फोन पर धमकी मिली थी कि वहां 11 बम रख दिए गए हैं, जो कुछ देर बाद फट जाएंगे। बम रखे होने की धमकी के बाद मुम्बई पुलिस और बॉम्ब स्क्वॉड सक्रिय हो गया।
सबसे पहले होटल को पूरी तरह खाली कराया गया और फिर वहां की तलाशी ली गई, इसके बाद जब पुलिस की साइबर टीम एक्टिव हुई तो कॉलर की लोकेशन मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा के एक गांव में मिली। साइबर टीम ने जब और बारीकी से जांच की तो पता चला कि धमकी देने वाला व्यक्ति मप्र के चौरई के डुंगरिया गांव का रहने वाला ही है।
मुंबई पुलिस से मिली सूचना के बाद चौरई पुलिस आरोपी की तलाश में पूरी तरह से कर रही है, बताया जा रहा है कि डुंगरिया गांव के गंगाराम डेहरिया ने तीन दिन पहले मुंबई की एक फाइव स्टार होटल में कॉल करके 11 बम रखे होने की सूचना दी थी, मुंबई पुलिस ने भोपाल और छिंदवाड़ा पुलिस को अलर्ट किया है, जिसके बाद बुधवार से पुलिस टीम डुंगरिया में डेरा डाले हुए है।
ग्रामीणों और गंगाराम के परिजनों ने पुलिस को बताया कि पहले वह एक बड़ी होटल में शेफ का काम करता था, पिछले कुछ सालों से वह मानसिक रूप से बीमार है और कहीं भी ऐसे ही फोन कर देता है। पुलिस को यह भी पता चला कि गंगाराम एक बैग लेकर चौरई में इधर-उधर घूमता भी रहता है।
वह कुछ साल पहले तक मुंबई के कई होटलों में शेफ का काम भी कर चुका है, हालांकि अब उसकी मानसिक स्थिति पूरी तरह से बिगड़ चुकी है, परिजनों द्वारा ये सब बताए जाने के बाद भी पुलिस गंगाराम की खोज में पूरी तरह से जुटी हुई है।

