न्यूज़लिंक हिंदी। सावन के तीसरे सोमवार को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल की विशेष भस्म आरती का आयोजन किया गया, रविवार की रात 2:30 बजे आयोजित भस्मारती में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान महाकाल के दर्शन भी किए।
भगवान के पट खुलने के बाद पंचामृत अभिषेक और विशेष श्रृंगार किया गया, महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई और इसके बाद विशेष आरती संपन्न हुई। सोमवार को शाम 4:00 बजे बाबा महाकाल चांदी की पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। जिसमें 1500 डमरू वादकों द्वारा डमरू वादन किया जाएगा, जो एक नया रिकॉर्ड बनाएगा।
इस आयोजन में मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और मंत्री गोविंद सिंह भी मुख्य रूप से शामिल होंगे, वे भगवान महाकाल के दर्शन के बाद शक्ति पथ पर डमरू बजाने के गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड को अपने हाथों से ग्रहण करेंगे। रिकॉर्ड धारण करने के बाद वे पालकी का पूजन करेंगे और शिप्रा नदी तक पैदल चलेंगे।
पिछले सोमवार को आयोजित सवारी कार्यक्रम में लगभग 350 पुलिस के जवानों ने बैंड की प्रस्तुति भी दी थी, इस बार के आयोजन में भगवान महाकाल चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में चांदी की पालकी में और मनमहेश स्वरूप में हाथी पर विराजित होकर नगर भ्रमण पर भी निकलेंगे। रथ पर शिव तांडव रूप के भी भक्तों को दर्शन भी देंगे।

