न्यूज़लिंक हिंदी। कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-2 के तहत लगभग 4.10 किलोमीटर लंबे रावतपुर-डबल पुलिया अंडरग्राउंड सेक्शन का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
शनिवार और रविवार की दरमियानी रात, उक्त सेक्शन के रावतपुर अंडरग्राउंड स्टेशन पर कोनकोर्स लेवल के नीचे मिड स्लैब की ढलाई का कार्य की शुरूआत हो गई है। इस दौरान उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लि. और कॉन्ट्रैक्टिंग एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
मिली जानकारी के अनुसार , इसी साल 1 अप्रैल से रावतपुर स्टेशन पर डी-वॉल के लिए खोदाई शुरू हुई थी। कानपुर मेट्रो के दोनों कॉरिडोर के अन्य अंडरग्राउंड स्टेशनों से अलग इस स्टेशन पर 4 लेवल या तल बनने हैं। इनमें से 3 भूमिगत या जमीन के अंदर होंगे। वहीं एक तल जमीन के ऊपर होगा।
टॉप डाउन प्रणाली से बन रहे इस स्टेशन पर कोनकोर्स स्लैब की ढलाई का काम पहले ही तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह लगभग 70 प्रतिशत तक पूरा भी हो चुका है। कोनकोर्स लेवल में ही स्टेशन कंट्रोल रूम, टिकट काउंटर एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े कक्ष होते हैं।
स्टेशन पर कोनकोर्स के नीचे एक मिड स्लैब का भी निर्माण किया जाएगा, जहां परिचालन से जुड़े विभिन्न सिस्टम के कक्ष होंगे। गौरतलब है कि रावतपुर-डबल पुलिया अंडरग्राउंड सेक्शन के तहत तीन मेट्रो स्टेशनों का निर्माण होना है। इनमें रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया भी शामिल हैं। रावतपुर अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन, कानपुर मेट्रो के दोनों कॉरिडोर को जोड़ने वाला अहम स्टेशन होगा।
रावतपुर के निर्माणाधीन अंडरग्राउंड स्टेशन पर कोनकोर्स के बाद अब मिड स्लैब की ढलाई का कार्य आरंभ हो चुका है। यह यूपीएमआरसी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है क्योंकि इस रूट के बन जाने से शहर के अंदर यातायात का एक नया सुविधापूर्ण मार्ग खुल जाएगा।
उन्होंने कहा कि शहर के अंदर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होने से लोगों का समय भी बचेगा और भागदौड़ से भी भारी राहत भी मिलेगी। कॉरिडोर-2 के एलिवेटेड सेक्शन में भी निर्माण कार्य लगातार तेजी से आगे बढ़ रहा है और पाइलिंग व प्री-कास्ट संरचनाओं की ढलाई का कार्य आरंभ हो चुका है।

