प्रदर्शनी के दौरान विभाजन विभीषिका के चित्रों को देखते कैबिनेट मंत्री राकेश सचान।
न्यूजलिंक हिंदी, कानपुर। भाजपा ने देश के विभाजन की विभीषिका के लिए मुस्लिम लीग के साथ कांग्रेस को भी जिम्मेदार ठहराया है। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि पीएम की कुर्सी पाने के लिये पं. जवाहरलाल नेहरू ने देश वासियों का खून बहा कर देश के विभाजन को स्वीकार किया। कांग्रेस और नेहरू ने देश का बंटवारा स्वीकार किया जाना एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। वह बुधवार को गोविंद नगर के श्री मुनि हिंदू इंटर कॉलेज में भारत पाकिस्तान के विभाजन की विभीषिका पर आयोजित संगोष्ठी में बोल रहे थे।
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि देश के विभाजन और पाकिस्तान को नया देश बनने से मुस्लिम लीग, मोहम्मद अली जिन्ना के साथ ही कांग्रेस की नीतियां जिम्मेदार थी। देश के बंटवारे में डेढ़ करोड़ से अधिक लोग बेघर हुए और लाखों की जान चली गई। सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद ने अपनी किताब इंडिया विंस फ्रीडम में लिखा है जवाहरलाल नेहरू उनके सबसे प्यारे दोस्तों में से एक थे। 14 अगस्त 1947 को विभाजन की विभीषिका के समय हुई हिंसा भारत के इतिहास का काला अध्याय है। दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि मुस्लिम लीग को संतुष्ट करने के लिए कांग्रेस की ओर से अपनाई जाने वाली नीति को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर ने कभी पसंद नहीं किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि धर्मनिरपेक्षता की ध्वजवाहक बनने का ढोंग करने वाली कांग्रेस ने कई सांप्रदायिक कानूनों को पारित करवाने में अंग्रेजों की मदद की थी।
विभाजन का दंश झेलने वालों को किया सम्मानित
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने भारत-पाकिस्तान बटवारे के समय का विभाजन का दंश झेले चरणजीत सिंह, ज्ञानी अवतार सिंह, परमानंद असरानी, कुलदीप सिंह, हरप्रीत सिंह सेठिया, कमल असरानी राजेंद्र, कैलाश मदान, सुभाष पुरी सहित सिक्ख समाज के चालीस लोगों को माला व अंग वस्त्र पहना कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह एवं संचालन जिलामंत्री जसविंदर सिंह ने किया। विधायक नीलिमा कटियार, सुरेन्द्र मैथानी, स्वप्निल वरुण,पूनम द्विवेदी,अनीता गुप्ता, उत्तर जिलाध्यक्ष दीपू पांडेय, रामदेव शुक्ला, कौशल किशोर दीक्षित, सुनील नारंग, प्रबोध मिश्रा, राम बहादुर यादव, नवीन पंडित, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी, जय प्रकाश कुशवाहा, रीता शास्त्री आदि मौजूद रहे।
पोस्टर, चित्रों के जरिये दिखाई विभाजन विभीषिका
विभाजन विभीषिका से लोगों को रूबरू कराने के लिए प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में लोगों को भारत-पाकिस्तान के विभाजन की त्रासदी के समय के पोस्टर, चित्रों, अभिलेखों एवं डाक्यूमेंट्री फिल्म के माध्यम से उस समय के विभत्स परिस्थितियों, अत्याचार, दुराचार आदि से परिचित कराया गया। कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज विद्यालय के सैकड़ों बच्चों को विभाजन की विभीषिका के बारे में प्रदर्शनी में लगे पोस्टर एवं चित्रों के माध्यम से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में एक बड़ी एलईडी पर भारत विभाजन विभीषिका पर आधारित लघु फिल्म को दिखाया गया। वहीं, भारत विभाजन विभीषिका के विरोध में शाम को भाजपाइयों ने चावला चौराहे तक मौन जुलूस निकालकर विरोध प्रकट किया।