न्यूज़लिंक हिंदी। भारत बंद के दौरान बिहार के अलग-अलग जिलों से बुधवार को कई तस्वीरें मुख्य रूप से सामने आईं। कहीं लोगों ने ट्रेन को रोका तो कहीं सड़क पर आगजनी कर प्रदर्शन भी किया गया।
इस दौरान राजधानी पटना में कुछ ऐसा हो गया कि एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया। यह वीडियो पटना के डाकबंगला चौराहे का है जब प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ में एक सिपाही ने गलती से एसडीएम पर ही लाठी चला दी।
अब सवाल है कि क्या उस सिपाही पर इस गलती के लिए एक्शन लिया जाएगा? इस पर पटना जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट बयान भी आ गया है। इस पूरे मामले पर जब मीडिया में खबरें चलने लगीं और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो पटना जिला प्रशासन की ओर से एक्स पर इस संबंध में जवाब दिया गया।
पटना जिला प्रशासन के एक्स हैंडल से लिखा गया, भारत बंद के दौरान डाकबंगला चौराहा पर प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा हल्का बल का ही प्रयोग किया गया। भीड़ को संभालने के दरम्यान अनुमंडल पदाधिकारी, पटना सदर के ऊपर एक सिपाही द्वारा गलतफहमी में लाठी चला दी गई। अनुमंडल पदाधिकारी, पटना सदर ने इसे मानवीय भूल बताते हुए कहा है कि सिपाही के विरुद्ध कोई अनुशासनिक कार्रवाई नहीं की जाएगी।

