Kanpur Nagar Nigam: कोकाकोला चौराहा ‘टेऊ राम’ तो काकोरी के नायकों के नाम से जानी जाएगी कानपुर की यह सड़क

0
165

कानपुर, न्यूजलिंक हिंदी। शहर में चर्चित कोकाकोला चौराहा अब सिंधियों के गुरू साई टेऊॅराम के नाम से जाना जायेगा। इसी तरह नजीराबाद थाने के सामने वाली सड़क को काकोरी कांड में जेल गये शहर के नायकों विजय सिन्हा और राजकुमार सिन्हा के नाम से कर दिया गया है। नगर निगम में अब 1 लाख रुपये से अधिक के कार्यों के लिये भी ई-निविदा आमंत्रित होगी।

अभी तक मैनुअल तरीके से भी कार्यों के टेंडर हो जाते थे। जिसमें गड़बड़ी की आशंका होती थी। शुक्रवार को नगर निगम सदन की नई कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्तुत किये गये अधिकतर प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। कुछ प्रस्तावों को छोड़कर कार्यकारिणी ने अधिकतर नामकरण के प्रस्ताव ही पास किये।

नगर निगम समिति कक्ष में शुक्रवार दोपहर 12 बजे शुरू हुई बैठक में सबसे पहले कार्यकारिणी के उप सभापति का चुनाव हुआ। इस दौरान वार्ड 78 सिविल लाइंस के पार्षद यशपाल सिंह को कार्यकारिणी का उप सभापति चुन लिया गया। महापौर व सभापति प्रमिला पांडेय की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी बैठक में 11 प्रस्तावों पर विचार शुरू हुआ।

कार्यकारिणी समिति की बैठक में पद्मश्री गिरिराज किशोर के नाम पर सूटरगंज की सड़क के प्रस्ताव को पास कर दिया गया। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नाई ने प्रस्ताव दिया था। अब यह मार्ग गिरिराज किशोर मार्ग कहलाया जायेगा। इसके साथ ही स्वर्गीय सुनील ब्रम्हचारी के नाम पर बर्रा गांव मोड़ से गुलाब गार्डेन तक की सड़क, पूर्व पार्षद स्व. अनूप शुक्ला के नाम पर बसन्त विहार नौबस्ता स्थित उनके घर के पास पार्क का नाम करने को हरी झंडी दी गई।

भाजपा पार्षद दल के नेता नवीन पंडित ने कोकाकोला चौराहे का नाम सिंधियों के गुरू साई टेऊॅराम के नाम पर करने का प्रस्ताव दिया जिसपर सहमति जताई गई। इसी तरह कार्यकारिणी ने स्व. डॉ. संकठा प्रसाद पाण्डेय के घर के सामने स्थित सड़क, नानाराव पार्क स्थित महोत्सव स्थल का नाम श्री श्याम महोत्सव स्थल करने का प्रस्ताव पास कर दिया।

काकोरी कांड में हुई थी काला पानी की सजा
काकोरी कांड में काला पानी की सजा भुगतने वाले शहर के विजय सिन्हा और राजकुमार सिन्हा के नाम पर नजीराबाद थाने वाली रोड का नाम रखने का प्रस्ताव दिया गया। विदेश से शहर आईं लेखिका सुषमा ने यह प्रस्ताव लगया जिसपर कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से मुहर लगा दी। अब काकोरी कांड में जेल जाले वाले शहीदों के नाम से नजीराबाद थाने वाली रोड जानी जायेगी।

कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र द्विवेदी, दीपक शर्मा, आरती गौतम, योगेंद्र शर्मा, यशपाल सिंह, पवन पांडेय, धीरेंद्र सोनकर, अभिषेक गुप्ता मोनू, मंजू पाल, आकर्ष बाजपेई, फैजान रहमान, लियाकत अली के साथ नगर आयुक्त सुधीर कुमार समेत अन्य नगर निगम जलकल और जलनिगम के अधिकारी रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here