कानपुर। अनवरगंज-मंधना रेलवे एलिवेटेड ट्रैक की मंजूरी के बाद इसके निर्माण की शुरुआत जल्द होगी। दिल्ली प्रवास के दौरान शहर के सांसद रमेश अवस्थी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर एलिवेटेड ट्रैक निर्माण की मांग की है।
जिसपर रेल मंत्री ने आश्वस्त किया कि जल्द ही वह कानपुर आकर एलिवेटेड ट्रैक निर्माण कार्य की समीक्षा करेंगे और साथ निर्माण कार्य प्रारंभ करने की कार्ययोजना भी बनाएंगे।
शहर के विकास के लिये सांसद रमेश अवस्थी लगातार केंद्रीय मंत्रियों से मिल रहे हैं। इसी कड़ी में वह अनवरगंज से मंधना रेलवे के एलिवेटेड ट्रैक की मंजूर करने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिले और उनका आभार व्यक्त किया। रमेश अवस्थी ने मुलाकात के बाद बताया कि रेलमंत्री ने कानपुर की यादे साझा की। उन्होंने बताया कि आईआईटी कानपुर से पढ़ाई के दौरान शहर से उनका भावनात्मक जुड़ाव है।
वह स्वयं कानपुर को भव्य स्वरूप में विकसित होते देखना चाहते हैं। रेल मंत्री ने सासंद रमेश अवस्थी द्वारा कानपुर के सम्पूर्ण विकास के लिये किये जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि कानपुर के विकास की इस यात्रा में रेल मंत्रालय की तरफ से कोई कमी नही छोड़ी जाएगी। कानपुर रेलवे मानचित्र में पूरी भव्यता और गरिमा के साथ स्थान पायेगा।
सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि शहर के विकास के लिये उन्होंने रेल मंत्री को आमंत्रण दिया है, जिसपर उन्होंने जल्द शहर आने की सहमति जताई है। रमेश अवस्थी ने बताया कि रेल मंत्री ने कहा कि एलिवेटेड ट्रैक निर्माण की योजना का समयबद्ध तरीके से पूरा करेंगे।