न्यूज़लिंक हिंदी। सुल्तानपुर जिले में एक ज्वेलर्स की दुकान में डकैती डालने वाले एक और बदमाश को एसटीएफ की टीम ने मुठभेड़ में मार गिराया है।
लखनऊ एसटीएफ की टीम की एक लाख के इनामी बदमाश अनुज प्रताप सिंह को ढेर कर दिया। अनुज का साथी फरार होने में कामयाब हो गया। यह मुठभेड़ यूपी के उन्नाव जिले में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर डकैती के आरोपी अनुज प्रताप सिंह और उसके साथी के साथ लखनऊ की एसटीएफ की टीम की मुठभेड़ उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र में उन्नाव-रायबरेली हाईवे से पांच सौ मीटर दूर अचलगंज-कोल्हुआ मार्ग पर सोमवार तड़के करीब चार बजे हुई।
गोली लगने से एक बदमाश घायल भी हो गया। जबकि दूसरा भागने में कामयाब रहा। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। यहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बदमाश की पहचान अमेठी के मोहनगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले अनुज प्रताप सिंह पुत्र धर्मराज सिंह के रूप में हुई है। जिस स्थान पर एनकाउंटर हुआ उसे सील कर दिया गया है फोरेंसिक टीम जांच कर रही है।
एएसपी उत्तरी अखिलेश सिंह ने ये भी बताया कि पुलिस मुठभेड़ में लुटेरे की मौत हुई है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। शव पोस्टमार्टम हाउस में ही रखवाया गया है। बिना नंबर की बाइक भी बरामद की गई है। फोरेंसिक टीम और अचलगंज पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

