कानपुर के एतिहासिक मैदान ग्रीनपार्क में भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। पहले दिन का मैच बारिश की वजह से पूरा दिन नहीं हो पाया। अब दूसरे दिन के मैच पर भी बारिश का साया मंडरा रहा है। सुबह से ही धीमी बौछार कानपुर को भिगा रही है। ऐसे में मैच समय से शुरू हो पायेगा इसका सकंट बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार 80 फीसदी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में ग्रीनपार्क के मैदान को कवर कर दिया गया है। अगर धूप खिली तो बांग्लादेश के खिलाड़ी अपनी पहली पारी को आगे बढ़ाने मैदान में उतर सकते हैं। उधर रुक-रुककर हो रही बारिश की वजह से भारतीय और बांग्लादेशी प्रशंसक भी नाखुश नजर आ रहे हैं।

इस प्रकार रहा पहले दिन का मैच
ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत-बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में लंच तक बांग्लादेश ने 26 ओवर में 2 विकेट खोकर 72 रन बनाए। भारत को दोनों सफलता आकाशदीप ने दिलाई। भोजन के बाद के दूसरे सत्र में बांग्लादेश ने अपना तीसरा विकेट खोया। इस सत्र में अभी कुल 9 ओवर का ही खेल हो सका था कि तेज बारिश फिर बाधा बनी। तेज बारिश देखकर अंपायर्स ने पहले दिन का खेल खत्म करने की घोषणा कर दी। पहले दिन 166 मिनट का ही खेल हो सका। बांग्लादेश ने पहली पारी में 35 ओवर में 3 विकेट खोकर 107 रन बनाए। पहले दिन का मैच बारिश के कारण डेढ़ घंटे देरी से शुरु हुआ।


