कानपुर बार एसोसिएशन चुनाव में इंदीवर बाजपेई अध्यक्ष व अमित सिंह को महामंत्री घोषित किया गया। अध्यक्ष पद पर इंदीवर ने अपने प्रतिद्वंद्वी दिनेश कुमार शुक्ला को 533 मतों से हरा दिया। वहीं, महामंत्री पद पर अमित सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बिनय कुमार मिश्रा को 36 मतों से हराया। दोनों प्रत्याशी विजयी घोषित होते ही समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मंत्री व संयुक्त मंत्री प्रकाशन पदों के लिए मतगणना रविवार को भी जारी रहेगी।
बार एसोसिएशन की 21 सदस्यीय कार्यकारिणी गठन के लिए गुरुवार को हुए मतदान के बाद शनिवार को बार एसोसिएशन स्थित महाना हॉल में शाम करीब चार बजे से गिनती शुरू हुई। देर शाम गिनती पूरी होने पर अध्यक्ष पद पर इंदीवर बाजपेई को विजयी घोषित किया गया। उन्हें 2067 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी दिनेश कुमार शुक्ला को 1534 मत मिले। तीसरे नंबर पर सर्वेश कुशवाहा 625 वोट पाकर रहे। अन्य प्रत्याशियों में संदीप कुमार सिंह को 517, सुरेंद्र कुमार कुशवाहा को 196, रामेंद्र सिंह कटियार को 167, प्राणनाथ मिश्रा को 55 और बृज किशोर शुक्ला को 13 वोट मिले। अवैध मतों की संख्या 32 व वैध मत 5204 रहे।


