कानपुर। अल्प आय वर्ग परिवारों के मांगलिक कार्यक्रमों के लिये शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के शहरी विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बहुप्रतीक्षित “मंगल भवन” का शिलान्यास किया। यह सामुदायिक भवन व बारात शाला जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल और नगर निगम के संयुक्त प्रयासों का प्रतीक है। वार्ड 15 बेनाझाबर में 2500 स्क्वायर मीटर क्षेत्र में निर्मित यह भवन 4500 स्क्वायर फीट में फैला है। ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुसार निर्मित यह भवन पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और आधुनिकता का आदर्श नमूना है।
मंगल भवन के निर्माण पर करीब दो करोड़ रुपये का खर्च जेसीआई मेम्बर्स के सीएसआर फंड से किया गया। इस भवन में भव्य हॉल, आधुनिक सुविधाओं से युक्त रसोईघर, पार्किंग क्षेत्र, और सौर ऊर्जा के उपयोग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। यह भवन क्षेत्र के निवासियों के लिए विवाह, समारोह और सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए एक आदर्श स्थान के रूप में कार्य करेगा।
शहरी विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “मंगल भवन न केवल एक संरचना है, बल्कि यह विकास और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। जेसीआई का यह प्रयास समाज को मजबूत बनाने और अल्प आय वर्ग के लोगों की जरूरतों को पूरा करने का एक अनुकरणीय कदम है।” उन्होंने महापौर प्रमिला पांडेय और जेसीआई 2025 के प्रेसीडेंट प्रनीत अग्रवाल के दृष्टिकोण की विशेष रूप से प्रशंसा की।


