बांदा-फतेहपुर राजमार्ग पर तिंदवारी थाना क्षेत्र के जसईपुर के पास रविवार सुबह दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। दर्दनाक हादसे में दोनों ट्रक ड्राइवरों की मौके पर ही जलकल मौत हो गई। हादसे में मृत ड्राइवरों की पहचान नीरज यादव और सुनील कुमार यादव के रूप में हुई है। एक ट्रक के खलासी हसमत अली ने कूदकर जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने दोनों मृतक ड्राइवरों के जले हुए शवों को बरामद किया। स्थानीय ग्राम प्रधान विवेक और खलासी हसमत अली ने बताया कि घने कोहरे की वजह से हादसा हुआ। बबेरू सीओ सौरभ सिंह ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे सड़क हादसा हुआ है।
रायबरेली जिला के महाराज गंज थाना क्षेत्र के पुरेचरी गांव निवासी 22 वर्षीय नीरज यादव डंपर चलाता था। वह रविवार की सुबह कबरई से गिटटी लेकर रायबरेली जा रहा था। वह जब तिंदवारी थाना क्षेत्र के जसपुरई पहलवान बाबा आश्रम के पास पहुंचा ही था कि तभी दूसरी ओर से आ रहे डंपर से उसकी टक्कर होग गई। दूसरा डंपर अमेठी जिला के जददूपुर गांव निवासी 24 वर्षीय सुनील चला रहा था। वह खाली डंपर लेकर कबरई जा रहा था। हादसा इतना भीषण था कि दोनों डंपरों में आग लग गई।
देखते ही देखते दोनों डंपर धू धूकर जलने लगे। सूचना पाकर पूर्व प्रधान बेदा विवेक सिंह अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। लेकिन आग बेकाबू हो गई। करीब एक घंटा बाद मौके पर पहुंची दमकल ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक दोनों डंपरों के चालकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। एक ट्रक का खालासी हस्तत अली बाल-बाल बच गया। पुलिस ने दोनों शवो को कब्जे में ले लिया।

