Kanpur News:मल्टीलेवल पार्किंग की निर्माणाधीन बीम में चुनवा दी प्लास्टिक बोरी, DM ने निरीक्षण के दौरान पकड़ी खामियां

कचहरी में निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण में लापरवाही बरती जा रही है। सोमवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण किया।

0
130
जिलाधिकारी मौके पर निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को फटकार लगाई।

सोमवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने निर्माण कार्य में कई खामियां पकड़ी। निर्माणाधीन बीम में प्लास्टिक की बोरी चुनी मिली। भवन में कई जगह दरारें मिलीं जिन्हें प्लास्टर कर छिपाया गया था। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर को नोटिस जारी करने के साथ ही जांच कमेटी का गठन किया।

जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य में शिथिलता बरतने व गुणवत्तापूर्ण कार्य न होने पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई । उन्होंने सितंबर, 2025 तक हर हाल में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नियत समय में कार्य पूर्ण न होने व गुणवत्तापूर्ण कार्य न होने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि पार्किंग की बीम में प्लास्टिक की बोरियां भर दी गई हैं, इन्हें निकाला भी नहीं गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि कचहरी और कलेक्ट्रेट के चारों तरफ पार्किंग की बड़ी समस्या है। इसको लेकर स्मार्ट सिटी फंड के 48 करोड़ रुपए से 300 कारों और 200 बाइक पार्क करने के लिए पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्ट्रक्चर में कमियां पाई गई हैं। बीम तक को रिपेयर किया गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने बताया कि फरवरी-2024 में पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। इसकी डेडलाइन अगस्त-2025 तक है। लेकिन, डेडलाइन से काम पीछे चल रहा है। ठेकेदार ने बताया कि एक महीने और लेकर तेज गति से काम को पूरा कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने इस पर भी नाराजगी जताई। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्ट्रक्चर में कमियां पाए जाना गंभीर बात है। निर्माण क्वालिटी भी ठीक नहीं है। एडीएम सिटी डा. राजेश कुमार की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here