
शहर में अटल घाट से शुक्लागंज पुल तक गंगा पथ व रिवरफ्रंट का निर्माण पटना की तर्ज पर होगा। पटना में गंगा पथ बनाने वाले बिहार सड़क पथ विकास निगम के अधिकारी शहर में निर्माण करने में मदद देंगे। मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन के निर्देश पर शनिवार को शहर से जुड़े अधिकारी पटना मॉडल को देखने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 20 किलोमीटर में बने गंगा पथ की बारीकियों को समझा, और जरूरी सुझाव भी लिये।
वीआईपी रोड के समानांतर गंगा के किनारे एक अतिरिक्त सड़क मार्ग के साथ रिवर फ्रंट परियोजना प्रस्तावित है। इसी प्रकार का पटना में गंगा पथ का निर्माण किया गया है। इस मॉडल का अध्ययन करने के लिए मंडलायुक्त के निर्देश पर समन्वयक नीरज श्रीवास्तव के साथ लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार, सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक बीके सेन, सिचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता केपी पांडेय और केडीए के अधिकारी सयुक्त रूप से पटना गंगा पथ का भ्रमण करने पहुंचे। भ्रमण में साथ में पटना गंगा पथ योजना का निर्माणकर्ता विभाग बिहार सड़क पथ विकास निगम के महाप्रबंधक अरुण कुमार और अन्य अधिकारी रहे। 20 किलोमीटर में बने गंगा पथ परियोजना की निर्माण प्रक्रिया, चैलेंजेस, एनजीटी की जानकारी दी। इसके बाद बिहार राज्य सड़क पथ विकास निगम के प्रबंध निदेशक कपिल अशोक के साथ बैठक कर दोनों शहरों के गंगा तटों की स्थितियों पर विचार- विमर्श किया गया। इसके साथ ही सुझावों का आदान -प्रदान किया गया। इस दौरान कानपुर योजना में विभागीय सहयोग मांगा।

