Kanpur: मोतीझील से निकलेगी तिरंगा यात्रा, शुभम का परिवार भी शामिल होगा

0
233

भाजपा ने गुरुवार को शहर से निकलने वाली तिरंगा यात्रा के लिये तैयारी पूरी कर ली है। मोतीझील से शाम 4 बजे विजय गाथा को लेकर तिरंगा यात्रा पहलगाम आतंकी हमले में मारे गये शुभम द्विवेदी के श्याम नगर स्थित आवास ड्रीम लैंड अपार्टमेंट पहुंचेंगी।

इसके बाद यहां शुभम की पत्नी और परिवार तिरंगा यात्रा में शामिल होकर नानाराव तक चलेंगे। भाजपा उत्तर और दक्षिण दोनों जिलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ ही भाजपा के जनप्रतिनिधि भी भारत की जीत की शौर्य गाथा बताने के साथ ही सेना का उत्साह बढ़ाएंगे।

उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने तिरंगा यात्रा की तैयारी बैठक की। जिला पदाधिकारियों, मंडल प्रभारियों व मंडल अध्यक्षों की बैठक में अनिल दीक्षित ने कहा कि तिरंगा यात्रा सिर्फ पार्टी का कार्यक्रम नहीं बल्कि ये देश के आम जनमानस की भावनाओं से जुड़ी यात्रा है।

जिला अध्यक्ष ने तिरंगा यात्रा में पदाधिकारियों को अलग अलग जिम्मेदारी दी। अनुपम मिश्रा, पारस मदान, रामजी गुप्ता यात्रा में आगे चलेंगे। पूनम कपूर सरोज सिंह, सीमा एमबीए, आशा पाल, किरन तिवारी, ऋचा सक्सेना यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं व आम जनमानस को टीका कर के यात्रा के लिए रवाना करेंगी।

इसके साथ ही रोहित साहू व उनकी टीम को प्ले बोर्ड की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी गई। यात्रा में सबसे पीछे दीपक सिंह और उनकी टीम चलेगी।

उन्होंने बताया कि यात्रा 4 बजे मोतीझील कारगिल पार्क चार पहिया व दुपहिया वाहनों के साथ निकलेगी जो कोकाकोला चौराहा, जरीब चौकी, टाटमिल से होते पीएसी मोड़ से मुड़कर श्याम नगर में शहीद शुभम् द्विवेदी के आवास पहुंचेगी और वहां शहीद की पत्नी व परिवार के सदस्य यात्रा में सम्मिलित होंगे।

यात्रा वहां से चलकर नानाराव पार्क में समाप्त होगी। जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि 18 मई से 23 मई तक कानपुर उत्तर जिले की चारों विधानसभाओं में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। तिरंगा यात्राओं के लिए संतोष शुक्ला को संयोजक व सुनील जायसवाल को सहसंयोजक बनाया गया है।

दक्षिण जिलाध्यक्ष ने भी की बैठक
भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने सुबह से देर रात तक दक्षिण क्षेत्र में तीन दर्जन से अधिक छोटी छोटी बैठकें कर लोगों को बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने बताया कि इस विशाल तिरंगा यात्रा में दक्षिण से छप्पन भोग चौराहा से शामिल होंगे। मनीष त्रिपाठी ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक संस्था द्वारा 5 किलोमीटर लंबी एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here