9 जुलाई को इतिहास रचेगा यूपी, एक दिन में लगाए जाएंगे 37 करोड़ पौधे…सेल्फी भी कर सकेंगे अपलोड

0
77
सीएम योगी आदित्यनाथ।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश 9 जुलाई को एक नया इतिहास रचने की तैयारी में है। राज्य सरकार बुधवार को होने वाले पौधारोपण महाभियान में समाज के सभी वर्गों का साथ लेकर इतिहास रचेगी। इस बार एक दिन में 37 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि पूरे विश्व में ग्लोबल वार्मिंग यानि क्लाईमेट चेंज हो रहा है, जिसकी वजह है वायुमण्डल में कार्बन डाई ऑक्साइड का ज्यादा उत्सर्जन है। ऐसे में पौधो की उपयोगिता बढ़ गई है।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने राज्य विधानसभा में वन व पर्यावरण विभाग की उपलब्धियों को साझा किया था। इस दौरान उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में भी 35 करोड़ से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में प्रदेश में वृक्षाच्छादन प्रदेश के भौगोलिक क्षेत्र का 9.96 प्रतिशत हो गया है और अपना राज्य वनावरण व वृक्षाच्छादन में वृद्धि के मामले में पूरे देश में दूसरे स्थान पर रहा है। उन्होंने बताया था कि, वर्ष 2021-2022 से वर्ष 2024-2025 तक प्रदेश में कुल 138.98 करोड़ पौधरोपण किया जा चुका है। वर्षाकाल-2025 में भी 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य प्रस्तावित है।

पौधरोपण अभियान में समाज के हर तबके के लोग जुड़ेंगे। इनमें 60,182 जनप्रतिनिधि, 3.40 करोड़ विद्यार्थी, 2.24 करोड़ किसान, 13.45 लाख राजकीय कर्मचारी, 4.70 लाख अधिवक्ता, 27,270 स्वयंसेवी संस्थाएं व 15 किसान उत्पादक संगठन शामिल होंगे। सभी से अपील की गई है कि एक पेड़ मां के नाम-2.0 के अंतर्गत पौधा लगाएं।

सेल्फी कर सकेंगे अपलोड
राज्य सरकार ने सभी से अपील की है कि पौधा लगाकर, फोटो अपलोड करें और पौधे का संरक्षण भी करें। उम्मीद है कि साढ़े छह करोड़ लोग इस अभियान में जुटेंगे। पौधरोपण की सेल्फी (https://upforest.gov.in) और  (https://upfd.in/upfdmedia/secure/login/login.aspx) पर क्लिक करके या क्यूआर कोड स्कैन करके अपलोड की जा सकेगी। फोटो को जियो टैग करने के लिए मोबाइल का जीपीएस एनेबल करना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here