Kanpur में बुढ़वा मंगल पर बारिश पर आस्था भारी, मंदिरों पर गूंजा जय श्रीराम

0
205
पनकी हनुमान मंदिर में बुढ़वा मंगल पर आरती करते पनकी महंत।

मंगलवार को बुढ़वा मंगल पर बारिश पर श्रद्धा भारी दिखी। शहर के पंचमुखी पनकी हनुमान मंदिर के साथ ही शहर के हनुमान मंदिरों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। पनकी स्थित मंदिर में पंचमुखी हनुमान के दर्शन के लिए भारी वर्षा के बीच सोमवार रात से मंगलवार रात तक लंबी लाइन लगी रही। दिनभर में यहां 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। लंबी-लंबी लाइन के बीच भक्तों ने अपनी बारी का घंटों खड़े होकर आस्था और उत्साह के साथ भगवान प्रभु श्रीराम और हनुमान बाबा के जयकारे लगाई।

मंदिरों में उमड़े श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। जय-जय हनुमान गोसाई, कृपा करहु गुरुदेव की नाही और नासे रोग, हरे सब पीरा की पंक्तियां बोलते हुए बाबा से अपने मन की बात साझा की। जीटी रोड स्थित दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर, कंपनी बाग चौराहा स्थित संकटमोचन मंदिर, मौनीघाट, श्री बालाजी मंदिर नेहरूनगर, किदवईनगर स्थित सोटेबाबा हनुमान मंदिर, चकेरी स्थित हनुमान मंदिर, घाटमपुर स्थित कुढ़नी मंदिर में देर रात से ही भक्तों की कतारें लगी रहीं। महिला व पुरुष भक्तों को अलग-अलग लाइन में लगकर दर्शन करने की व्यवस्था के लिए बैरिकेडिंग की गई है। लाइनों में बीच-बीच में पवन सुत हनुमान की जय के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो रहा था। शहरभर के अन्य हनुमान मंदिरों में भव्य श्रृंगार के साथ सुंदरकांड पाठ हो रहे हैं। सुबह से ही मंदिरों व आस-पास लोगों ने भंड़ारे भी कराए।

दर्शन के लिए देर रात से उमड़ी भक्तों की भीड़।

बाबा को सवा मन लड्डू का भोग
पंचमुखी हनुमान मंदिर पनकी में सोमवार रात से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच गए थे। रात 12:30 बजे सवा मन लड्डू का भोग लगाने के बाद हनुमान जी का स्वर्ण शृंगार किया गया। रात एक बजे श्रद्धालुओं के लिए पट खोले गए। गेट नंबर एक पर महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग लाइन लगाई गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस फोर्स लगी थी।

मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़।

सीसीटीवी से निगरानी, तैनात रही पुलिस
मंदिरों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। पार्किग स्थल पर ही वाहन खड़े कराए जा रहे थे। जीटी रोड स्थित दक्षिणेश्वर मंदिर, किदवई नगर स्थित सोटे वाले बाबा के मंदिर, पी रोड स्थित बालाजी मंदिर समेत शहर भर के हनुमान मंदिरों में भीगते हुए सुबह से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे। महाराजपुर के सलेमपुर स्थित बालाजी मंदिर में सुबह मंगला आरती के बाद भगवान के दर्शनों के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here