मुंबई। अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे अब अभिनय के साथ-साथ फिल्म प्रेजेंटर के रूप में भी नई पारी शुरू करने जा रही हैं। उनकी पहली फिल्म प्रेजेंटर परियोजना ‘सोहला’ का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है। रोज मूवीज़ और कैरीऑन फिल्म्स की इस मराठी फिल्म में दर्शकों को पाश्या नाम के एक ऐसे युवा किरदार से परिचित कराया गया है, जिसके सपने और जिंदगी एक दर्दनाक पारिवारिक हादसे के बाद पूरी तरह बदल जाते हैं। पोस्टर के लांच होने के बाद मशहूर अभिनेता अभिषेक बच्चन ने भी पोस्टर को अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर किया. जिसके बाद फिल्म से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं उत्साहित हैं.
फिल्म निर्माता सचिन श्रीवास्तव ने न्यूजलिंक हिंदी को बताया कि फिल्म की कहानी एक छोटे से गांव के रहने वाले पाश्या के इर्द-गिर्द घूमती है। पाश्या एक फिल्म सुपरस्टार से प्रेरित और बेहद उत्साही स्वभाव का लड़का है, जो अपने गांव में होने वाले पारंपरिक सोहला यानी पवित्र वयस्कता संस्कार के दौरान आकर्षण का केंद्र बनना चाहता है। लेकिन परिवार पर आई त्रासदी उसके सपनों को तोड़ देती है और उसे उम्र से पहले ही जिम्मेदारियों का बोझ उठाना पड़ता है।
फिल्म का निर्देशन साईकत बागबान ने किया है और यह उनका फीचर फिल्म निर्देशन में डेब्यू है। ‘सोहला’ को देशभर में आयोजित कई फिल्म समारोहों में आधिकारिक रूप से चयनित होने के साथ सराहना भी मिल चुकी है। फिल्म ने 22वें थर्ड आई एशियन फिल्म फेस्टिवल में भी अपनी जगह बनाई, जहां इसे बेस्ट चाइल्ड एक्टर का पुरस्कार मिला।
पहली बार फिल्म प्रेजेंटर बनीं सोनाली बेंद्रे
‘सोहला’ के साथ सोनाली बेंद्रे के करियर में एक नया अध्याय शुरू हुआ है। इस बार वह पर्दे पर अभिनेत्री के रूप में नहीं, बल्कि फिल्म प्रस्तोता के तौर पर दर्शकों से जुड़ रही हैं। फिल्म की मानवीय कहानी, उम्मीद, संघर्ष, जुझारूपन और आम लोगों की मजबूती जैसे विषयों ने उन्हें इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

क्या है ‘सोहला’ की कहानी?
एक छोटे से गांव में जहां परंपराएं ही जीवन की दिशा तय करती हैं, पाश्या अपने सोहला का इंतजार कर रहा है। लेकिन परिवार का कर्ज चुकाने की कोशिश में उसके पिता द्वारा उठाया गया एक बेहद मुश्किल कदम हादसे में बदल जाता है।
इस घटना के बाद पाश्या की मासूमियत छिन जाती है और वह अपनी मां और बहन के साथ परिवार को संभालने की जिम्मेदारी उठाने लगता है। इसी सफर में उसे एहसास होता है कि सोहला महज एक रस्म या उत्सव नहीं, बल्कि संघर्ष, त्याग, जिम्मेदारी और असली मर्दानगी की विरासत है।
प्रोडक्शन हाउस
‘सोहला’ का निर्माण रोज मूवीज़ ने किया है, जिसका नेतृत्व गोल्डी बहल कर रहे हैं। यह फिल्म रोज ऑडियो विजुअल्स द्वारा फीचर फिल्म निर्माण में वापसी का भी संकेत है। रोज ऑडियो विजुअल्स की स्थापना वर्ष 1969 में हुई थी।
फिल्म का दूसरा प्रोडक्शन हाउस कैरीऑन फिल्म्स है, जिसके निर्माता सचिन श्रीवास्तव हैं। यह प्रोडक्शन हाउस कई चर्चित विज्ञापन और ब्रांड फिल्मों के निर्माण के लिए जाना जाता है। इसके काम को ऑस्कर-शॉर्टलिस्टेड शॉर्ट फिल्म तक में जगह मिल चुकी है और अब यह फीचर फिल्मों के क्षेत्र में कदम बढ़ा रहा है।
फिल्म की पहली झलक ने ‘सोहला’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है और अब सभी की नजरें इसके सिनेमाघरों में रिलीज पर टिकी हैं।

